पुणे पुलिस का दावा शराब के नशे में विवाद के दौरान घटी घटना
कोलकाता 12 फरवरी (आरएनएस)। कथित तौर पर देश के विभिन्न भागों में बांग्ला बोलने पर बंगाल के श्रमिकों के साथ उत्पीडऩ सहित कई हत्याओं की घटना घटी है। ऐसे में एक नया मामला सामने आते ही बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का गुस्सा फूट पड़ा और वह जमकर भड़कीं। सीएम ममता बनर्जी ने आज महाराष्ट्र के पुणे में काम कर रहे पुरुलिया के 24 वर्षीय प्रवासी मजदूर सुखेन महतो की हत्या पर गहरा सदमा और आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने इस घटना को घृणा अपराध बताते हुए आरोप लगाया कि पीडि़त को उसकी भाषा और पहचान के कारण निशाना बनाया गया था और ऐसे हमलों के लिए बढ़ते विदेशी-विरोधी माहौल को जिम्मेदार ठहराया। मुख्यमंत्री ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की। उन्होंने एक पोस्ट में लिखा, विदेशी-विरोधी भावना को हथियार बनाकर निर्दोष लोगों को निशाना बनाया जा रहा है।
सीएम ने अपने एक पोस्ट में लिखा कि मैं दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और उन्हें कड़ी सजा देने की मांग करती हूं। सुखेन के परिवार से मैं कहना चाहती हूं कि इस असहनीय दुख की घड़ी में बंगाल उनके साथ खड़ा है। न्याय दिलाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। मुख्यमंत्री ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उक्त घटना की निंदा करते हुए कहा कि बांग्ला बोलने वाले को शिकार बनाया जा रहा है और यह अपराध है। वहीं पुणे की रूरल पुलिस के मुताबिक, सुखेन महतो की हत्या नशे में हुई बहस के दौरान हुई है। पुलिस का कहना है कि भाषा या पहचान की वजह से अभी तक हत्या का कोई सबूत नहीं मिला है। मरने वाले युवक की पहचान सुखेन महतो (24) के तौर पर हुई है। वह पुरुलिया के बंदोवन का रहने वाला था। वह परिवार का अकेला कमाने वाला था। पुणे रूरल पुलिस का दावा है कि यह घटना 9 फरवरी की रात शिकारपुर पुलिस थाने के तहत आने वाले कोरेगांव इलाके में हुई। शिखरपुर पुलिस थाने के इंस्पेक्टर दीपरतन गायकवाड़ ने कहा कि शुरुआती जांच में पता चला है कि सुखेन एक लोकल इंडस्ट्रियल फैक्ट्री में काम करता था। घटना वाले दिन वह दोपहर 3 बजे काम पर जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन काम पर जाने के बजाय वह नशे की हालत में कोरेगांव इलाके में घूम रहा था। उसी समय उसकी दो लोगों से बहस हो गई और घटना घटी। पुलिस मामले की कई कोण से जांच कर रही है। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज में सुखेन दो आदमियों से बहस करते हुए लडख़ड़ाते दिख रहा है। हालांकि, मारपीट की जगह कैद नहीं हुई। बाद में, उसकी बॉडी पास की एक जगह से मिली, जिस पर धारदार हथियार से वार करके हत्या की गई थी। जांच करने वालों को शक है कि हत्या उसी बहस का नतीजा थी। यह भी बताया गया है कि आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। केस पहले ही दर्ज हो चुका है।
+-
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

