रुद्रपुर,12 फरवरी (आरएनएस)। 16 फरवरी को प्रस्तावित राजभवन घेराव को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी के नेतृत्व में सिटी क्लब में बैठक आयोजित की गई, जिसमें पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। ममता रानी ने कहा कि कांग्रेस आलाकमान के आह्वान पर प्रदेशभर के कांग्रेसी 16 फरवरी को राजभवन का घेराव करेंगे और भाजपा सरकार की विफलताओं को उजागर करेंगे। उन्होंने कहा कि आने वाला समय कांग्रेस का है, इसलिए सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर तैयारियों में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि जनता अब भाजपा के झूठे बहकावे में नहीं आने वाली है और प्रदेश के विकास के लिए कांग्रेस को सत्ता की चाबी सौंपेगी। कहा कि कांग्रेस विकास की सोच के साथ कार्य करती है और जाति, वर्ग व भेदभाव से ऊपर उठकर सभी के उत्थान के लिए प्रयासरत रहती है। उन्होंने बताया कि 16 फरवरी को होने वाले राजभवन घेराव में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भाग लेंगे। बैठक में पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा, पुष्कर राज जैन, मोहन खेड़ा, संदीप चीमा, मोनिका ढाली, संजीव रस्तोगी, उमा सरकार, सुमित राय, राजेश कुमार, नरेश सागर, अरविंद सक्सेना, राहुल कुमार, अबरार अहमद, निसार अहमद, मोहन भारद्वाज और बाला देवी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

