वॉशिंगटन ,14 फरवरी । मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने अपनी सैन्य मौजूदगी मजबूत करते हुए युद्धपोतों की तैनाती बढ़ा दी है। इस कदम को क्षेत्र में संभावित सैन्य टकराव की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है। इसी बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई को लेकर कड़ा बयान देते हुए स्पष्ट संकेत दिया है कि ईरान में सत्ता परिवर्तन ही स्थिति का स्थायी समाधान हो सकता है। उत्तरी कैरोलिना स्थित फोर्ट ब्रैग में अमेरिकी सैनिकों से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में ट्रम्प ने कहा कि तेहरान में सत्ता परिवर्तन सबसे अच्छी बात होगी जो हो सकती है। उन्होंने संकेत दिया कि उनका प्रशासन ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई के विकल्पों पर भी विचार कर रहा है।
जब ट्रम्प से ईरान के इस्लामी नेतृत्व को सत्ता से हटाने की संभावना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ऐसा लगता है कि यही सबसे अच्छी बात होगी जो हो सकती है। ट्रम्प ने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय राजनीति में कभी-कभी डर का माहौल बनाना भी जरूरी होता है, जिससे विरोधी देश पीछे हटने को मजबूर हों।
अमेरिका द्वारा मिडिल ईस्ट में युद्धपोतों की तैनाती बढ़ाने और राष्ट्रपति के इस बयान के बाद क्षेत्र में तनाव और बढऩे की आशंका जताई जा रही है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय अब इस स्थिति पर नजर बनाए हुए है, क्योंकि इस घटनाक्रम का असर वैश्विक सुरक्षा और कूटनीतिक संतुलन पर पड़ सकता है।
00


















