शव के टुकड़े-टुकड़े कर ठिकाने लगाए, हत्या आरोपी सहित दो गिरफ्तार
कोलकाता,14 फरवरी (आरएनएस)। लोग स्वार्थ में वशीभूत हो कर किस तरह से जघन्य वारदात को अंजाम दे देते हैं। यह इस वारदात से पता चलता है। उत्तर 24 परगना जिले में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) ने एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर को लेकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी। पुलिस ने बीएलओ समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मरने वाले शख्स के परिजनों ने मंगलवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने बताया कि बदुरिया में 30 साल के नासिर अली के क्षत-विक्षत शव को एक नहर से बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि इसके बाद बीएलओ रिजवान हसन मंडल और उसके साथी सागर को आज गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मंडल का अली की पत्नी के साथ अफेयर था। आरोप है कि बीएलओ रिजवान हसन मंडल ने नासिर अली को पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के जारी विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित कुछ मुद्दों पर चर्चा करने के बहाने सोमवार देर शाम एक सुनसान जगह पर मिलने के लिए बुलाया था। उन्होंने बताया कि अली सोमवार रात से लापता था और उसके परिजनों ने अगले दिन पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने मंडल के फोन कॉल और गतिविधियों पर नजर रखी और शुक्रवार सुबह नहर में शव बरामद किया। उन्होंने बताया कि मंडल से पूछताछ की गई और अली की हत्या करने के आरोप में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि सागर को हत्या की इस घटना को अंजाम देने में मंडल की मदद करने, शव के टुकड़े-टुकड़े करने और और उन्हें ठिकाने लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

