भोपाल,14 फरवरी (आरएनएस)। सूखीसेवनिया थाना इलाके में बने जेएसआर ग्लोबल कॉलेज के मालिक सहित कर्मचारियों पर एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी को पीटने के आरोप लगे हैं। घटना शुक्रवार दोपहर की है, जबकि घटनाक्रम से जुड़ा एक वीडियो शनिवार दोपहर सामने आया है। इस वीडियो में कॉलेज के कर्मचारी वसूली के लिए पहुंचे फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी को पीटते नजर आ रहे हैं।
पीडि़त राजेंद्र चौहान के मुताबिक शुक्रवार दोपहर जेएसआर ग्लोबल कॉलेज गया था। इस कॉलेज के मालिक सुधीर ने 72 लाख रुपए का लोन लिया हुआ था। लोन की तीन किस्त बाउंस थीं। कॉलेज में मिले 5 से 6 कर्मचारियों ने मुझे एक कमरे में बैठाया। यहां पूछा कि मालिक के घर कैसे गए। मैंने बताया कि लगातार कॉलेज आने पर मालिक नहीं मिल रहे थे। तब मुझे मजबूरन रेसीडेंशियल एड्रेस पर जाना पड़ा। इस बात पर सभी युवक आक्रोशित हो गए और मारपीट शुरू कर दी।
एक युवक ने बेल्ट, एक ने क्रिकेट बेट जबकि अन्य ने लात और घूसों से पीटा। करीब 2 बजे से सवा चार बजे तक तीन बार मुझे पीटा गया। इस दौरान मेरे मैनेजर अनिल सिंह परिहार साथ थे। वह लगातार बीचबचाव कर रहे थे, लेकिन आरोपी गाली देने का झूठा आरोप लगाकर पीटते रहे। मुझे कॉलेज के मालिक सुधीर से 40 हजार रुपए की किस्त लेना थी, वह रकम नहीं दी गई।
इसी के साथ मेरे बैग में कलेक्शन के 95 हजार रुपए रखे थे, वह भी किसी ने निकाल लिए हैं। शुक्रवार को थाने पहुंचा, लेकिन पुलिस ने सुनवाई नहीं की। अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। जबकि मैंने वीडियो पुलिस को दिए हैं आरोपी उस में मुझे पीटते दिखाई दे रहे हैं। मुझ पर राजीनामा करने का दबाव बनाया जा रहा है।
सूखीसेवनिया थाने के प्रभारी रामबाबू चौधरी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। आपसी विवाद है, फाइनेंस कंपनी कर्मचारी ने कॉलेज वालों पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। जबकि कॉलेज प्रबंधन ने परिसर में घुसकर गाली देने के आरोप लगाए हैं। आज (शनिवार) को दोनों पक्ष थाने में एकत्र हुए हैं। दोनों पक्षों के बीच समझोते की बात चल रही है।

