कोलकाता 15 फरवरी (आरएनएस)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ङ्ग पर पोस्ट कर बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी और उसके चेयरपर्सन तारिक रहमान को जीत की बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में लिखा, बांग्लादेश में मेरे सभी भाइयों और बहनों को दिल से बधाई और शुभकामनाएं। रहमान ही बांग्लादेश के सम्भावित पीएम माने जा रहे हैं। 13वें जातीय संसद चुनाव में बांग्लादेश राष्ट्रवादी पार्टी (बीएनपी) की शानदार जीत का जश्न मनाया। बीएनपी ने घोषित 297 सीटों में से 209 सीटें जीतीं, जबकि चुनाव आयोग ने 300 में से 297 सीटों के परिणाम घोषित किए। रहमान 17 फरवरी को बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। सद्भावना के प्रतीक के रूप में, बनर्जी ने गुलशन स्थित बीएनपी अध्यक्ष के राजनीतिक कार्यालय में रहमान को फूल और मिठाई भेजी। कार्यालय में पार्टी प्रतिनिधियों ने उपहार ग्रहण किए। इससे पहले दिन में, बनर्जी ने सोशल मीडिया पर बांग्लादेश के लोगों को बधाई दी और अपने संदेश में बीएनपी नेता को व्यक्तिगत रूप से तारिक-भाई कहकर संबोधित किया। मेरी हार्दिक बधाईज् बांग्लादेश के सभी भाइयों और बहनों को। आप सभी को रमजान मुबारक, बनर्जी ने पवित्र महीने से पहले शुभकामनाएं देते हुए लिखा। उन्होंने रहमान और उनकी पार्टी को इस शानदार जीत के लिए बधाई दी और आशा व्यक्त की कि भारत और बांग्लादेश के बीच संबंध सौहार्दपूर्ण बने रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी रहमान को निर्णायक जनादेश मिलने पर बधाई दी और बाद में बांग्लादेश के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री से फोन पर बातचीत की। यह घटनाक्रम पड़ोसी देश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की बर्खास्तगी और हालिया तनाव के बाद बदलती राजनीतिक परिस्थितियों के बीच आया है, जिससे द्विपक्षीय संबंधों पर नए सिरे से ध्यान केंद्रित हो गया है।

