पूर्व बद्र्धमान। जिले के केतुग्राम थाना इलाके में आज लगभग सात दिनों से लापता एक युवक का सड़ा-गला शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान बुद्धदेव माझी (39) के रूप में हुई है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बुद्धदेव केतुग्राम के निरोद गांव का निवासी था। कुछ वर्ष पहले पारिवारिक कलह के चलते उसकी पत्नी घर छोड़कर चली गई थी। इसके बाद बुद्धदेव का इलाके की ही एक विवाहित महिला से कथित प्रेम संबंध बन गया।
बताया गया है कि महिला का पति बाहर राज्य में प्रवासी मजदूर के रूप में काम करता था। संबंध उजागर होने पर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जो थाना तक पहुंचा। सूत्रों के मुताबिक, लगभग तीन महीने पहले वह महिला अपने पति का घर छोड़कर बुद्धदेव के घर रहने लगी थी। इसे लेकर दोनों परिवारों में तनाव चल रहा था। इसी बीच, करीब सात दिन पहले बुद्धदेव घर से निकला और लापता हो गया। परिजनों ने केतुग्राम थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। आज सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-(छह) के किनारे एक नाले (नयनजुली) से बुद्धदेव का सड़ा-गला शव बरामद किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों का आरोप है कि बुद्धदेव की हत्या की गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों की पुष्टि की जाएगी। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


















