कोलकाता 15 फरवरी (आरएनएस)। महानगर कोलकाता में एक बार फिर आग लगने की बड़ी घटना सामने आई है। टॉलीगंज स्थित अभिजात आवासन डायमंड सिटी के टावर-(दो) में रविवार सुबह अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं और त्वरित राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग चौथी मंजि़ल पर लगी। प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है। जिस फ्लैट में आग लगी, वहां उस समय कोई मौजूद नहीं था। एहतियात के तौर पर पूरे परिसर के निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। इस आवासीय परिसर में टॉलीवुड के कई जाने-माने सितारे रहते हैं। आग की खबर मिलते ही अभिनेता यश दासगुप्ता और अभिनेत्री-सांसद नुसरत जहां अपने बच्चे के साथ घबराहट में नीचे उतर आए। विधायक-अभिनेत्री सायंतिका बनर्जी ने बताया कि घटना के समय वह वहां मौजूद नहीं थीं और पूरी तरह सुरक्षित हैं। दमकल कर्मियों ने युद्धस्तर पर काम करते हुए आग को काबू में किया, जिससे वह अन्य हिस्सों में फैलने से बच गई। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, हालांकि भारी संपत्ति नुकसान की आशंका जताई जा रही है। पुलिस भी मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। उल्लेखनीय है कि इससे दो दिन पहले साल्टलेक सेक्टर-(पांच) की एक बहुमंजि़ली इमारत में भी आग लगने की घटना हुई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने शहर में अग्नि-सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

