हरिद्वार,18 फरवरी (आरएनएस)। सोशल मीडिया पर महात्मा ज्योतिबा फुले के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में मध्यप्रदेश से स्थानांतरित जीरो एफआईआर के आधार पर हरिद्वार में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। वार्ड नंबर 18 शीतला पाड़ा, श्योपुर मध्यप्रदेश निवासी मुकेश सुमन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 28 नवंबर 2025 को फेसबुक पर स्वामी आनंद स्वरूप नाम की आईडी से महात्मा फुले के विरुद्ध अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी की गई। शिकायतकर्ता ने स्वयं को राष्ट्रीय फुले ब्रिगेड का जिलाध्यक्ष बताया है। शिकायत में कहा गया कि संबंधित पोस्ट में फुले के प्रति अपमानजनक शब्दों का प्रयोग कर धार्मिक एवं सामाजिक भावनाओं को आहत करने का प्रयास किया गया। प्राथमिक जांच में सामने आया कि संबंधित फेसबुक आईडी संचालक का आश्रम हरिद्वार क्षेत्र में स्थित है। घटना से संबंधित स्थान हरिद्वार पाए जाने पर श्योपुर पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला हरिद्वार स्थानांतरित कर दिया। कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

