नईदिल्ली,19 फरवरी। भारतीय क्रिकेट टीम ने टी-20 विश्व कप 2026 के 36वें मैच में नीदरलैंड क्रिकेट टीम को 17 रन से हराया। यह मौजूदा संस्करण में भारतीय टीम की लगातार चौथी जीत रही। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए मैच में भारत ने पहले खेलते हुए 193/6 का स्कोर बनाया, जिसमें शिवम दुबे ने अर्धशतक (66) लगाया। जवाब में नीदरलैंड की टीम पूरे ओवर खेलने के बाद 176/7 का स्कोर ही बना सकी। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स के बारे में जानते हैं।
भारत को अभिषेक शर्मा (0) और ईशान किशन (18) के रूप में जल्दी झटके लगे। इसके बाद तिलक वर्मा (31), और सूर्यकुमार यादव (34) ने पारी को संभाला। आखिर में दुबे और हार्दिक पांड्या (30) ने टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में नीदरलैंड ने पावरप्ले में 35/1 का स्कोर बनाया। भारत की कसी हुई गेंदबाजी के सामने डच बल्लेबाज निरंतर आउट होते चले गए। नीदरलैंड से बास डे लीडे ने सर्वाधिक 33 रन बनाए।
टी-20 विश्व कप 2026 में अभिषेक अपनी तीसरी पारी में भी शून्य पर आउट हुए। भारतीय सलामी बल्लेबाज के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हुआ। अभिषेक अब टी-20 विश्व कप में संयुक्त रूप से सर्वाधिक पारियों में शून्य पर आउट होने वाले भारतीय बल्लेबाज बने। उन्होंने इस मामले में आशीष नेहरा (3 बार) की बराबरी की। उनके बाद शिवम दुबे, गौतम गंभीर, रविंद्र जडेजा, विराट कोहली और अक्षर पटेल 2-2 पारियों में बिना खाता खोले आउट हुए हैं।
अभिषेक इस साल टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 5वीं बार शून्य पर आउट हुए। वह एक कैलेंडर वर्ष में संयुक्त रूप से सर्वाधिक बार शून्य पर आउट होने वाले भारतीय बल्लेबाज बने। उन्होंने संजू सैमसन के रिकॉर्ड की बराबरी की। बता दें कि सैमसन साल 2024 में 5 बार बिना खाता खोले आउट हुए थे। अभिषेक ने 2026 में अब तक 8 पारियों में 26.00 की औसत और 224.69 की स्ट्राइक रेट के साथ 182 रन बनाए हैं।
भारत ने जब 69 रन के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट खोया, तब दुबे क्रीज पर आए। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दुबे ने अपने चिर-परिचित अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए डच गेंदबाजों की जमकर खबर ली। भारतीय ऑलराउंडर ने सिर्फ 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने हार्दिक पांड्या (30) के साथ मिलकर 5वें विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी की। वह 31 गेंदों में 4 चौकों और 6 छक्कों की बदौलत 66 रन बनाकर आउट हुए।
पांड्या टी-20 क्रिकेट में 6,000+ रन बनाने के साथ-साथ 200+ विकेट लेने वाले पहले भारतीय ऑलराउंडर बने। पांड्या ने अब तक 323 टी-20 मैच खेले हैं, जिसकी 279 पारियों में उन्होंने 6,008 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 91 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 25 अर्धशतक लगाए। दूसरी तरफ गेंदबाजी में उन्होंने 262 पारियों में 220 से अधिक विकेट लिए हैं। इस बीच उन्होंने 1 पारी में 5 विकेट हॉल भी लिया।
भारत की ओर से वरुण चक्रवर्ती सबसे सफल गेंदबाज रहे। इस स्पिनर ने 3 ओवर में 14 रन देते हुए 3 सफलताएं हासिल की। टी-20 विश्व कप 2026 में उन्होंने 4 पारियों में 6.88 की औसत और 5.16 की किफायती इकॉनमी रेट के साथ कुल 9 विकेट लिए हैं। वह इस संस्करण में फिलहाल यूएसए के वैन शाल्कविक (13) के बाद दूसरे सर्वाधिक विकेट वाले गेंदबाज हैं।
भारत 22 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अपने पहले सुपर-8 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगी। प्रोटियाज टीम ने भी अपने ग्रुप के चारों मैचों में जीत दर्ज की है। इसके 4 दिन बाद 26 फरवरी को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में सूर्यकुमार के नेतृत्व वाली टीम जिम्बाब्वे से भिड़ेगी। भारत का आखिरी मुकाबला वेस्टइंडीज से होगा। कोलकाता के ईडन गार्डन स्टेडियम में 1 मार्च को ये मैच खेला जाएगा।
भारतीय टीम ने टी-20 विश्व कप में अपनी लगातार 12वीं जीत (2024-26) दर्ज की। यह इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे लम्बी जीत का रिकॉर्ड है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

