नईदिल्ली,19 फरवरी। टी-20 विश्व कप 2026 के 35वें मैच में पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने नामीबिया क्रिकेट टीम को 102 रन से हराते हुए सुपर-8 में प्रवेश किया। सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में हुए मैच में पाकिस्तान ने साहिबजादा फरहान के शतक (100*) की मदद से 199/3 का स्कोर बनाया। जवाब में नामीबिया के बल्लेबाजों ने निराश किया और टीम सिर्फ 97 रन पर ही सिमट गई। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज फरहान ने शतक (100*) लगाया। उनके आलावा कप्तान सलमान आगा (38) और शादाब खान (36*) ने उपयोगी पारियां खेलते हुए टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में नामीबिया को जान फ्राइलिंक (9) और लौरेन स्टीनकैंप (23) की सलामी जोड़ी अच्छी शुरुआत नहीं दिला सकी। इसके बाद भी पाकिस्तानी स्पिनरों के सामने नामीबिया के बल्लेबाज निरंतर आउट होते चले गए और टीम लक्ष्य से दूर रह गई। पाकिस्तान से उस्मान तारिक ने 4 विकेट लिए।
फरहान ने शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की और पावरप्ले ओवरों की समाप्ति तक 19 गेंदों पर 25 रन बनाए। क्रीज पर टिक जाने के बाद उन्होंने रन गति में इजाफा किया और 37 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने कप्तान आगा के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 67 रन की उपयोगी साझेदारी की। उन्होंने आखिरी ओवर के दौरान 57 गेंदों में अपनी पारी को शतक में तब्दील किया। वह 58 गेंदों में 100 रन बनाकर नाबाद रहे।
फरहान से पहले पाकिस्तानी बल्लेबाजों में सिर्फ अहमद शहजाद ने इस टूर्नामेंट में शतक लगाया है। बता दें कि अहमद ने टी-20 विश्व कप 2014 में बांग्लादेश के खिलाफ नाबाद 111 रन बनाए थे। वहीं, टी-20 विश्व कप 2026 में फरहान शतक जडऩे वाले तीसरे बल्लेबाज बने। इस संस्करण में कनाडा के युवराज सामरा (110) और श्रीलंका के पथुम निसांका (100*) ने शतक लगाने में सफलता हासिल की है।
पाकिस्तान ने टी-20 विश्व कप के इतिहास में अपना दूसरा सर्वोच्च स्कोर बनाया। बता दें कि पाकिस्तान का इस टूर्नामेंट में सबसे बड़ा स्कोर 2016 में बांग्लादेश के खिलाफ (201/5) बनाया था।
उस्मान ने मैच में 3.3 ओवर गेंदबाजी की और 1 मेडन के साथ सिर्फ 16 रन देकर 4 विकेट चटकाए। उनकी इकॉनमी रेट 4.60 की रही। इस खिलाड़ी ने जेजे स्मिट (9), रूबेन ट्रम्पेलमैन (0), विलेम मायरबर्ग (8) और बर्नार्ड शोल्ट्ज (1) को अपना शिकार बनाया। ये उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का दूसरा 4 विकेट हॉल रहा। यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन साबित हुआ।
टी-20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान की यह 4 मैचों में तीसरी जीत है। ग्रुप-ए में मौजूद पाकिस्तान से पहले भारतीय टीम सुपर-8 में पहुंच चुकी है। दूसरी तरह नामीबिया के लिए यह संस्करण बेहद खराब रहा। उन्होंने अपने ग्रुप के सभी 4 मैचों में हार का सामना किया। बता दें कि नामीबिया के अलावा यूएसए और नीदरलैंड की टीम ग्रुप स्टेज से बाहर होने वाली अन्य टीमें रही।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

