भोपाल 19 फरवरी (आरएनएस)। अयोध्या नगर थाना क्षेत्र में डॉग लवर्स ने गुरुवार को 2 महिलाओं को तलवार मारी है। एक महिला के पेट और दूसरी महिला के हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। एक महिला के हाथ की नस कट गई है। गहरे घाव बन गए हैं। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
बताया जा रहा है कि श्रवण कांता कॉलोनी के लोगों ने आवारा कुत्तों के आतंक की नगर निगम से शिकायत की थी। शिकायत के बाद नगर निगम की टीम सभी आवारा कुत्तों को पकड़कर ले गई थी। इसके बाद कॉलोनी में ही रहने वाले डॉग लवर्स ने निगम से छुड़वा लिया था।
डॉग लवर्स ने आवारा कुत्तों को दोबारा श्रवण कांता कॉलोनी में लाकर छोड़ दिया था। इसके बाद कॉलोनी की महिलाओं ने विरोध किया। इससे गुस्साए युवक ने महिला साथी और एक अन्य दोस्त की मौजूदगी में 2 महिलाओं पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया।
कॉलोनी में रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर सुरेंद्र ठाकुर ने वारदात के बाद आरोपी अशोक चौहान के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई। सुरेंद्र ने पुलिस को बताया कि अशोक चौहान श्रवण कांता कॉलोनी में ही रहता है। वह खुद को पेट लवर बताता है। कॉलोनी में अवारा कुत्तों को पालकर रखा है।
यह कुत्ते अक्सर लोगों के पीछे लग जाते हैं। बाइक से आने जाने वालों को दौड़ाते हैं। सड़क पर चलने वालों पर भौंकते हैं। इसे लेकर कॉलोनी के लोगों में डर का माहौल रहता है। इसी वजह से नगर निगम की डॉग स्कॉड टीम को कॉल कर शिकायत की गई थी।
शिकायतकर्ता प्रॉपर्टी डीलर सुरेंद्र ठाकुर ने पुलिस से बताया कि आरोपी अशोक ने अपनी महिला साथी के साथ मिलकर कॉलोनी की महिलाओं से अभद्रता की। महिलाओं ने विरोध किया तो आरोपी अशोक तलवार लेकर आया। उसके साथ एक व्यक्ति भी था।
आरोपी अशोक और उसके साथियों ने कॉलोनी के रहवासियों को धमकाना शुरू कर दिया। विवाद बढऩे पर अशोक ने तलवार से वंदना सेन और लक्ष्मी ठाकुर पर हमला कर दिया। इससे दोनों जख्मी हो गईं। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
वहीं मामले में अयोध्या नगर थाना प्रभारी महेश लिल्लारे ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। अशोक चौहान नामजद आरोपी है, जबकि अन्य साथियों के नाम उसकी गिरफ्तारी के बाद ही साफ होंगे। जल्द सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है।

