कोलकाता 20 फरवरी (आरएनएस)। बंगाल में इस वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए 294 सीटों पर उम्मीदवार चयन की प्रारंभिक प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सूत्रों के अनुसार, सत्तारूढ़ तृणमूल नेतृत्व कुछ भारी-भरकम मंत्रियों और वरिष्ठ विधायकों की सीट बदलने पर विचार कर रहा है।
बताया जा रहा है कि बुधवार और गुरुवार को कोलकाता के कालीघाट स्थित मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास पर शीर्ष नेतृत्व की दो चरणों में बंद कमरे की बैठकें हुईं। इन बैठकों में आगामी विधानसभा चुनाव के संभावित उम्मीदवारों के नामों पर प्रारंभिक चर्चा की गई।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कुछ मौजूदा कैबिनेट मंत्रियों और वरिष्ठ विधायकों के नामों पर विचार हुआ है, जिन्हें इस बार अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्रों से मैदान में उतारा जा सकता है। साथ ही ऐसे मौजूदा विधायकों के नामों पर भी चर्चा हुई, जिन्हें इस बार पुन: नामांकन न देकर संगठनात्मक जिम्मेदारियों में लगाया जा सकता है। बैठकों में उम्मीदवारों की सूची में ‘पुराने अनुभवी नेताओंÓ और ‘नए चेहरोंÓ के बीच संतुलन बनाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श हुआ। पार्टी नेतृत्व इस बार उम्मीदवारों की सूची में कुछ गैर-राजनीतिक और चर्चित चेहरों को शामिल करने पर भी विचार कर रहा है। सूत्रों का कहना है कि मनोरंजन जगत, मीडिया और अन्य पेशेवर क्षेत्रों से जुड़े कुछ प्रमुख व्यक्तियों को टिकट दिया जा सकता है। इस बार उम्मीदवारों की सूची में कुछ बड़े चौंकाने वाले नाम हो सकते हैं। इसी बीच 16 मार्च को होने वाले पांच राज्यसभा सीटों के चुनाव को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। विधानसभा में संख्याबल के आधार पर तृणमूल कांग्रेस चार सीटें आसानी से जीत सकती है, जबकि एक सीट पर भारतीय जनता पार्टी को संतोष करना पड़ सकता है। सूत्रों के अनुसार, जिन चार सीटों पर तृणमूल कांग्रेस की जीत लगभग तय मानी जा रही है, उनमें से तीन पर पार्टी के वरिष्ठ और कोर नेतृत्व से जुड़े नेता उम्मीदवार होंगे। चौथी सीट पर एक गैर-राजनीतिक चेहरा उतारा जा सकता है, जिसका राष्ट्रीय राजधानी में मजबूत नेटवर्क और प्रभाव हो। आगामी दिनों में पार्टी की ओर से उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने की संभावना है, जिस पर राजनीतिक हलकों की नजरें टिकी हैं।

