– एसएसपी खुद रुद्रपुर न्यायालय परिसर में मौजूद रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया
रुद्रपुर,20 फरवरी (आरएनएस)। प्रदेश में लगातार न्यायालयों को मिल रही धमकियों को लेकर ऊधमसिंह नगर पुलिस ने शुक्रवार को सभी न्यायालय परिसरों में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के तहत सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए गए। अभियान की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी खुद रुद्रपुर न्यायालय परिसर में मौजूद रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। संयुक्त सर्च ऑपरेशन के तहत बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) और डॉग स्क्वायड की टीमों ने न्यायालय परिसर के कोने-कोने की गहन तलाशी ली। न्यायालय कक्षों के आसपास के क्षेत्रों, पार्किंग स्थल, प्रवेश और निकास द्वारों सहित संवेदनशील स्थानों की विशेष जांच की गई। न्यायालय परिसर में आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की कड़ी चेकिंग की गई। बिना जांच किसी को प्रवेश नहीं दिया गया और परिसर में प्रवेश करने वाले वाहनों की भी सघन तलाशी ली गई। एसएसपी ने कहा कि न्यायालय परिसर संवेदनशील स्थल होते हैं, ऐसे में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

