ऋषिकेश,20 फरवरी (आरएनएस)। लोक निर्माण विभाग की ओर से कराए जा रहे दूधली-देहरादून रोड चौड़ीकरण का कार्य क्षेत्रवासियों के लिए जी का जंजाल बन गया है। कार्य की सुस्त रफ्तार और विभागों के बीच आपसी समन्वय की कमी के कारण स्थानीय जनता को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इन दिनों दूधली-देहरादून रोड चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है, जिसकी सुस्त रफ्तार को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। समाजसेवी और सिमलास ग्रांट के पूर्व प्रधान उम्मेद बोरा ने कहा कि निर्माण कार्य के नाम पर जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण का हम स्वागत करते हैं, लेकिन यह लोगों की जान की कीमत पर नहीं होना चाहिए। न पानी साफ मिल रहा है और न ही सड़क पर चलने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान पेयजल निगम की लाइनें जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो गई हैं। मरम्मत न होने के कारण ग्रामीण गंदा और दूषित पानी पीने को मजबूर हैं, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। सड़क चौड़ीकरण शुरू होने के बावजूद विद्युत विभाग ने अभी तक बिजली के पोल शिफ्ट नहीं किए हैं। ये पोल अब सड़क के बीचों-बीच या बेहद खतरनाक स्थिति में आ गए हैं। लोक निर्माण विभाग ने कार्यस्थल पर ‘कार्य प्रगति पर है’ जैसे चेतावनी बोर्ड तक नहीं लगाए हैं। सड़क पर जगह-जगह खोदे गए गड्ढे किसी बड़ी अनहोनी को दावत दे रहे हैं। अगर जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ और कार्यस्थल पर साइन बोर्ड व सुरक्षा घेरे नहीं बनाए गए, तो क्षेत्रवासी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

