ऋषिकेश,20 फरवरी (आरएनएस)। ऋषिकेश स्थित रामा पैलेस में फिल्म गोदान के प्रथम शो का प्रदर्शन शुक्रवार को हुआ। इस दौरान सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज आवास-विकास के 580 छात्र-छात्राओं ने फिल्म देखी। फिल्म के जरिए विद्यार्थियों ने फिल्म के माध्यम से संस्कृति, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की सीख प्राप्त की। शुक्रवार को दून मार्ग स्थित रामा पैलेस में फिल्म गोदान के शो का शुभारंभ धर्मार्थ गो सेवा ट्रस्ट के मौनी बाबा एवं विद्या भारती के प्रदेश निरीक्षक डॉ. विजयपाल ने किया। मुख्य अतिथि मौनी बाबा ने कहा कि भारतीय परंपरा में गौ का महत्व केवल आस्था तक सीमित नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक खेती, पोषण और पर्यावरण संरक्षण से गहराई से जुड़ा हुआ है। उन्होंने इसे समाज को जागरूक करने वाली सार्थक पहल बताया। डॉ. विजयपाल ने कहा कि इस प्रकार की फिल्म गो संरक्षण के लिए समाज में एक सकारात्मक संदेश का कार्य करेगी। हर व्यक्ति को यह फिल्म देखनी चाहिए। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज आवास-विकास के प्रधानाचार्य उमाकांत पंत ने कहा कि यह फिल्म महान साहित्यकार मुंशी प्रेमचंद के उपन्यास गोदान से प्रेरित है, जो भारतीय ग्रामीण जीवन, सामाजिक यथार्थ और मानवीय मूल्यों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती है। समापन पर फिल्म के निर्माता विनोद कुमार चौधरी एवं पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की गई और विद्यार्थियों को फिल्म से मिली प्रेरणा को जीवन में उतारने के लिए विद्यालय प्रबंधन समिति एवं विद्यालय परिवार द्वारा चेयर छात्राओं को प्रोत्साहित भी किया गया। मौके पर विद्यालय के प्रबंधक प्रो. गौरव वार्ष्णेय, इंजीनियर अनिल मित्तल, दयाराम वार्ष्णेय, स्वामी दीन गोपाल दास, हेमंत गुप्ता, दीपक तायल, डॉ. नमन चंद्रा, राकेश शर्मा, नरेश गर्ग, नंदकिशोर भट्ट, शान्ति प्रसाद बेलवाल, रामगोपाल रतूड़ी, मनोज पंत, रजनी गर्ग आदि उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

