कोटद्वार,20 फरवरी (आरएनएस)। भटवाड़ी क्षेत्र में पर्याप्त बारिश न होने के कारण फसलों पर संकट गहराने लगा है। समय पर वर्षा न होने से गेहूं, मटर, मसूर और आलू जैसी प्रमुख फसलें खराब होने लगी हैं, जिससे किसानों के चेहरे पर चिंता साफ झलक रही है। किसानों का कहना है कि यदि मौसम का यही हाल रहा तो फसलें पूरी तरह नष्ट हो सकती हैं। क्षेत्र में बर्फबारी तो हुई, लेकिन पर्याप्त बारिश न होने के कारण उसका फसलों पर कोई विशेष सकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ा। पिछले कई दिनों से क्षेत्र में बारिश न होने के कारण सालंग, गोरसाली, सिल्ला, तिहार, भंगेली, रैथल, बार्सू गांव सहित टकनौर क्षेत्र के गांवों में किसानों की फसलें खेतों में ही खराब होने लगी है। स्थानीय काश्तकारों का कहना है कि समय पर और पर्याप्त वर्षा न होने से फसलों को भारी नुकसान हो रहा है। इसके साथ ही आगामी सीजन में बोई जाने वाली फसलें, जैसे धान आदि की बुआई पर भी इसका नकारात्मक असर पडऩे की आशंका है। बारिश के अभाव से फसलों के लगातार खराब होने की स्थिति में किसान वर्ग चिंतित है और जल्द अच्छी बारिश की उम्मीद कर रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

