देहरादून,21 फरवरी (आरएनएस)। शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता ने कहा कि मसूरी आपदा को आए पांच मांह हो चुके हैं लेकिन अभी तक वेलीब्रिज के स्थान पर स्थाई पुल का निर्माण नहीं किया गया। शीघ्र सीजन शुरू होने वाला है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही मसूरी शहर कांग्रेस पुल निर्माण के लिए धरना देगी जिसमें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी शामिल होगें।उन्होंने मंत्री पर भी आरोप लगाए कि विगत पंद्रह साल में मसूरी के विकास के लिए कोई कार्य नहीं किया गया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मसूरी देहरादून मार्ग पर वैलीब्रिज के स्थान पर स्थाई पुल का निर्माण नहीं किया गया। अभी तक उसकी डीपीआर तक नहीं बनाई गई। न ही वहां पर कोई कार्य नजर आ रहा है, जबकि वहां पर आये दिन जाम लगता है। सीजन में बड़ी संमस्या जाम की खड़ी होगी।उन्होंने कहा कि प्रदेश के काबीना मंत्री व मसूरी विधायक गणेश जोशी ने पिछले 15 सालों में मसूरी के विकास के लिए कोई कार्य नहीं किया। कहा कि आवास, चिकित्सा, खेल मैदान, बेरोजगारी दूर करने का कोई कार्य नहीं किया गया। प्रदेश भाजपायुमो के मंत्री आर्यन देव उनियाल ने मसूरी की समस्या को समझा व मुख्यमंत्री को मसूरी की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन दिया। उन्होंने आर्यन देव उनियाल का आभार जताया। कहा कि शायद भाजयुमो के प्रदेश मंत्री के ज्ञापन का संज्ञान लेकर सरकार कोई योजना 2027 से पहले धरातल पर उतार सके। इस मौके पर कांग्रेस के महामंत्री योगेश मल्ल भी मौजूद रहे।

