देहरादून,21 फरवरी (आरएनएस)। राजकीय पॉलिटेक्निक, आमवाला में बालाजी फाउंडेशन एवं देहरादून चैरिटेबल ब्लड सेंटर की ओर से 11वां नि:शुल्क रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ प्रधानाचार्य आरपी यादव, भीम सिंह राणा और विक्रम सिंह कठैत ने दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यार्थियों में भारी उत्साह देखने को मिला और शिविर में कुल 29 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। बालाजी फाउंडेशन के संस्थापक नरेश प्रसाद भट्ट ने रक्तदाताओं को कार्ड वितरित किए। कहा कि युवाओं का यह प्रयास थैलेसीमिया, कैंसर पीडि़तों, दुर्घटनाग्रस्त लोगों और गर्भवती महिलाओं के लिए जीवनदान साबित होगा। उन्होंने समाज के हर व्यक्ति से रक्तदान की अपील की। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए उन्होंने स्कूल प्रशासन और ब्लड सेंटर का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यों में निरंतर सहयोग की अपेक्षा जताई।

