देहरादून,21 फरवरी (आरएनएस)। गोवा में शनिवार को खत्म हुई आयेाजित अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज बैडमिंटन प्रतियोगिता के चालीस प्लस पुरूष युगल वर्ग में रवि रावत और दीप चंद पांडेय ने कांस्य पदक प्राप्त किया है। दोनों ने दिल्ली की युगल जोड़ी आरएस रावत और शैलेश को 6-15, 15-2, 15-7 से हराया। रवि रावत विगत 15 सालों से लगातार उत्तराखंड टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इसके पूर्व भी रवि रावत विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुके हैं। वर्तमान समय में वह विकासखंड कालसी के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कामला में व्यायाम शिक्षक के रुप में कार्यरत हैं। मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून विनोद कुमार ढौंडियाल और खंड शिक्षा अधिकारी कालसी ने रवि रावत व दीप चंद को कांस्य पदक प्राप्त करने पर बधाई दी है। निदेशक शिक्षा विभाग मुकुल कुमार सती, राजकीय शिक्षक संघ अध्यक्ष राम सिंह चौहान ने उनकी सफलता पर खुशी जताई है।

