हरिद्वार,21 फरवरी (आरएनएस)। उत्तरी हरिद्वार स्थित स्वामी कृष्णानंद गंगा घाट पर राजस्थान की ब्रह्मलीन साध्वी प्रेम बाईसा को संत-महंतों द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित की गई। श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में संत समाज एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। ब्रह्मलीन साध्वी प्रेम बाईसा के शिष्य वीरमनाथ एवं स्वामी प्रेमानंद शास्त्री महाराज के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम में गौ ऋषि स्वामी ज्ञान स्वरूपानंद अक्रिय महाराज ने श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि साध्वी प्रेम बाईसा का संपूर्ण जीवन गौ, गंगा, गीता और सनातन धर्म संस्कृति को समर्पित रहा। उन्होंने जीवन पर्यंत समाज सेवा के साथ धर्म एवं संस्कृति के प्रचार-प्रसार का कार्य किया। स्वामी प्रेमानंद शास्त्री महाराज ने कहा कि ब्रह्मलीन साध्वी प्रेम बाईसा ने समाज को सदैव धर्म का मार्ग दिखाया और सनातन धर्म के उत्थान के लिए आजीवन कार्य किया। उनका जीवन त्याग, सेवा और साधना का प्रेरणादायी उदाहरण रहेगा। इस अवसर पर श्रीमहंत दुर्गादास एवं महंत शुभम गिरि महाराज ने कहा कि साध्वी का जीवन पूर्णत: सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति को समर्पित रहा। महंत सूरजदास महाराज, महंत कमलेशानंद, स्वामी उमेशानंद, महंत प्रह्लाद दास, महंत रवि दास, महंत गुरुमल, स्वामी गोपालानंद अक्रिया, गौ ऋषि ज्ञान स्वरूपानंद अक्रिय महाराज एवं महंत रविन्द्रदास सहित अनेक संत-महंत एवं श्रद्धालुओं ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।

