हरिद्वार,21 फरवरी (आरएनएस)। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आगामी दिनों में जिले में मौसम साफ रहने और बारिश नहीं होने का अनुमान जारी किया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज होने की संभावना है। इस वजह से मौसम विभाग ने किसानों को फसलों को सिंचाई करने और कीटों, रोगों के संक्रमण से बचाव के लिए फसलों का निरीक्षण करने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 25 फरवरी तक जिले में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इसके साथ दिन में सात किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने गेहूं, जौ, गन्ना, चना, सरसों, टमाटर आदि फसलों की सिंचाई करने की सलाह किसानों को जारी की है। साथ ही गन्ने की कटाई 18 फीसदी ब्रिक्स अनुपात पर करने, चने की फसल में फली छेदक कीट की जांच करने, सरसों की फसल में सफेद रतुआ और झुलसा रोग की जांच करने, फसल में पके हुए टमाटर को तोडऩे और कीटनाशक का प्रयोग करने की सलाह भी किसानों को दी है। वहीं, हरिद्वार में लगातार गर्मी का अहसास बढ़ रहा है। फरवरी माह में रोजाना दिन में तेज धूप निकलने के कारण ठंड कम हो गई है। आईआईटी कृषि मौसम वेधशाला के आंकड़ों के अनुसार शनिवार को धर्मनगरी में अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। आगामी दिनों में तापमान में बढ़ोतरी का पूर्वानुमान है।

