रुड़की,22 फरवरी (आरएनएस)। व्यापक हस्तशिल्प क्लस्टर विकास योजना के तहत रामनगर स्थित माटी कला बोर्ड प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित 25 दिवसीय शिल्प प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हो गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि माटी कला बोर्ड के उपाध्यक्ष शोभाराम प्रजापति और किसान आयोग के उपाध्यक्ष चौधरी अजीत सिंह ने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया। आत्मनिर्भरता पर जोर: शोभाराम प्रजापति ने कहा कि आधुनिक तकनीक और बेहतर मार्केटिंग के माध्यम से कारीगरों की आय में वृद्धि होगी और वे आत्मनिर्भर बनेंगे। चौधरी अजीत सिंह ने माटी कला को सांस्कृतिक धरोहर बताते हुए इसे आधुनिक बाजार से जोडऩे और स्वरोजगार अपनाने की अपील की। प्रशिक्षुओं को आधुनिक उत्पाद निर्माण, नवीन डिजाइनिंग और बाजार की बिक्री प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षुओं ने अपने अनुभव साझा किए और सरकार की इस पहल का आभार व्यक्त किया। समापन समारोह में अंकित, राजेश, ललिता, बबीता, रजनी, सुमित और विनीत सहित कई प्रतिभागी उपस्थित रहे।

