रुड़की,22 फरवरी (आरएनएस)। कलियर। एसएसपी के निर्देश पर कलियर क्षेत्र में रविवार को पुलिस ने सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के दौरान करीब 200 किरायेदारों, घरेलू नौकरों, रेडी-ठेली संचालकों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। पुलिस की टीम ने झुग्गी-झोपडिय़ों, होटलों, ढाबों और किराये पर रह रहे लोगों की गहन जांच की। सत्यापन न कराने पर एक मकान स्वामी का चालान किया गया जबकि नियमों का उल्लंघन करने पर दस रेडी-ठेली संचालकों के मौके पर नगद चालान काटे गए। थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया है। उन्होंने सभी मकान मालिकों से अपने किरायेदारों, घरेलू सहायकों और बाहरी व्यक्तियों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराने की अपील की। साथ ही आमजन से सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट और फर्जी विज्ञापनों से सतर्क रहने को कहा।अभियान के दौरान एसएसआई सुनील पंत, एसआई उपेंद्र सिंह, एसआई विशाखा असवाल, एएसआई राम अवतार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

