देहरादून,22 फरवरी (आरएनएस)। विद्या विहार, कारगी रोड निवासी एक व्यक्ति के बैंक खाते से 1.70 लाख रुपये ट्रांसफर हो गए। पीडि़त का आरोप राज प्लाजा के एक मोबाइल दुकान संचालक पर है। जिसे पीडि़त ने हाल में अपना पुराना फोन बेचा और नया खरीदा था। पीडि़त की शिकायत पर शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपी दुकान संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शहर कोतवाल हरिओम राज चौहान ने बताया कि पुनीत कुमार (43 वर्ष) ने बीते नौ फरवरी को राज प्लाजा स्थित न्यू नाइन टेलीकॉम के संचालक काशिफ नेहाल को अपना पुराना फोन देकर नया फोन खरीदा था। 15 फरवरी की दोपहर पुनीत के आईडीबीआई और केनरा बैंक के खातों से धड़ाधड़ पैसे कटने के मैसेज आने लगे। यूपीआई के जरिए जगदेव एजेंसीज, सुशील कुमार और ई-कॉमर्स ऐप ब्लिंकिट पर कई ट्रांजेक्शन कर कुल 1,70,858 रुपये उड़ा लिए। पीडि़त को शक है कि दुकानदार ने ही उनके पुराने फोन के डेटा या बैंकिंग ऐप्स का गलत इस्तेमाल कर इस घटना को अंजाम दिया है या किसी अन्य से करवाया है। इंस्पेक्टर चौहान ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

