भांगड़/कोलकाता 22 फरवरी (आरएनएस)। दक्षिण 24 परगना जिले के भांगड़ स्थित कैनिंग ईस्ट के तृणमूल विधायक शौकत मोल्ला की कार पर बम से हमला किया गया व गोली भी चलाने का आरोप है। उक्त घटना के बाद इलाके में जहां दहशत है वहीं मामले में में आईएसएफ की संलिप्तता का आरोप लगाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि भानगढ़ के पोलरहाट पुलिस स्टेशन से कुछ ही दूरी पर तृणमूल विधायक शौकत मोल्ला की कार पर बम फेंका गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। पुलिस अधिकारी घटनास्थल का मुआयना कर रहे हैं। मामले की जांच की जा रही है । इस हमले में तृणमूल विधायक शौकत मोल्ला बाल-बाल बच गये हैं। तृणमूल के एक अन्य नेता ने कहा-दरअसल, पोलरहाट में आईएसएफ के पैरों तले से जमीन खिसक गई है। घटना के संबंध में बंगाल पुलिस का कहना है कि पोलरहाट पुलिस स्टेशन की पुलिस ने घटनास्थल से दो ताजा बम और बम की तारें बरामद की हैं. घटना की जांच शुरू कर दी गई है। इस घटना के बाद विधायक शौकत मोल्ला ने लिखित शिकायत दर्ज कराई है। विधायक ने बताया कि दक्षिण गाजीपुर में तृणमूल नेता खैरुल इस्लाम पर हुए हमले की सूचना पाकर वो उनसे मिलने गये थे। घटना के समय वो खैरुल के घर से लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी गाड़ी पर यह हमला हुआ। उन्होंने इस घटना में आईएसएफ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि, आईएसएफ की ओर से अब तक कोई जवाब नहीं मिला है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। खुद पर हुए इस हमले के संबंध में तृणमूल विधायक शौकत ने कहा- यह आईएसएफ की सुरक्षा में काम कर रहे असामाजिक तत्वों का काम है। उन्होंने हमारे खैरुल को उस समय जान से मारने की योजना बनाई जब वह एक बैठक में थे, फिर उन्होंने बत्तियां बुझा दीं और उन पर हमला कर दिया। हमने इस घटना की शिकायत पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई। जब मैं शिकायत दर्ज कराकर लौटा, तो मेरे साथ कई गाडिय़ां थीं. उन गाडिय़ों पर गोलियां चलाई गईं और बम फेंके गए। दरअसल, आईएसएफ भांगड़ से हमें खत्म करने के लिए आतंक की राजनीति कर रही है।

