कोलकाता 22 फरवरी (आरएनएस)। बंगाल में चुनावी विसात बिछ गई है और जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव करीब आ रहे हैं, राजनीतिक गतिविधियां भी बढ़ती जा रही हैं। इसके मद्देनजर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज कालीघाट पहुंचीं। उन्होंने यहां मां काली की पूजा-अर्चना की। एकदम हल्के गुलाबी रंग की साड़ी में मंदिर पहुंची रेखा गुप्ता ने हाथ जोड़े और माता को जवा फूलों की माला अर्पित की और फिर माता के जैकारे लगाए। सीएम रेखा गुप्ता को कड़ी सुरक्षा के बीच मंदिर के गर्भगृह परिसर में पुजारियों ने पूजा करवायी। मां काली की पूजा करने के बाद लौटते समय जब मीडिया कर्मियों ने उनसे सवाल पूछे, तो वह मुस्कुराते हुए सवालों को टालकर निकल गयीं। बाद में वह साइंस सिटी में भाजपा महिला मोर्चा के कार्यक्रम में शामिल हुईं।

