दिल्ली की सीएम ने कहा, इस राज्य से ममता बनर्जी सरकार की विदाई तय है
संदीप यादव
कोलकाता 22 फरवरी (आरएनएस)।। बंगाल में आतंक, गुंडागर्दी, लालच और तुष्टिकरण की राजनीति का अंत अब जल्द होने वाला है। इस बार का चुनाव राज्य में बदलाव लेकर आएगा। ममता बनर्जी सरकार की विदाई तय है। उक्त बात आज दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने साल्टलेक के साइंस सिटी सभागार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महिला इकाई द्वारा आयोजित ‘नारी संकल्प यात्राÓ को संबोधित करते हुए कहा। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि, यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस बंगाल ने शक्ति उपासना को अपनी भक्ति और आस्था से विश्व प्रसिद्ध बनाया, आज वहीं की बेटियाँ अपने सम्मान और सुरक्षा के लिए संघर्ष करने को विवश हैं। लंबे समय से चला आ रहा यह दमनकारी शासन बंगाल की नारी शक्ति को असुरक्षा और उपेक्षा की ओर धकेल दिया है।पश्चिम बंगाल की वर्तमान सरकार के तुष्टिकरण और कुशासन ने यहाँ की माताओं-बहनों का भरोसा तोड़ा है। इस अन्याय और असुरक्षा के विरुद्ध बंगाल की नारी शक्ति अपने अधिकार और सम्मान के लिए भारतीय जनता पार्टी के साथ मजबूती से खड़ी है। महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद राज्य में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने आरजी कर अस्पताल में महिला चिकित्सक के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में सरकार की प्रतिक्रिया संतोषजनक नहीं रही। इसके साथ ही दुर्गापुर और कोलकाता के एक कॉलेज परिसर में छात्रा से दुष्कर्म की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। रेखा गुप्ता ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर मतदात सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को रोकने का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता तृणमूल कांग्रेस सरकार को सत्ता से हटाने का मन बना चुकी है। रेखा गुप्ता ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की तुष्टीकरण और ढिलाई की नीतियों के कारण पिछले कुछ वर्षों में बड़ी संख्या में घुसपैठिए राज्य में प्रवेश कर सके। उन्होंने दावा किया कि इससे पानी, बिजली, राशन, शिक्षा, रोजगार और मतदान जैसे मूल अधिकारों पर दबाव बढ़ा है। दिल्ली की मुख्यमंत्री ने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध करना और अवैध रूप से शामिल नामों की पहचान करना है, लेकिन राज्य सरकार इसे रोकने का प्रयास कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की प्रक्रिया का विरोध क्यों किया जा रहा है। राज्य सरकार की योजनाओं पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि केवल आश्वासन देने से काम नहीं चलेगा, महिलाओं को वास्तविक सुरक्षा की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना और जल जीवन मिशन जैसी केंद्र सरकार की योजनाओं को राज्य में पूरी तरह लागू नहीं किया गया, जिससे गरीबों तक लाभ नहीं पहुंच पाया। अपने भाषण में दिल्ली की सीएम ने बंगाल की हालात पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि इस राज्य में विकास को बाधित किया जा रहा है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

