दुर्ग, 23 फरवरी(आरएनएस)। जिले के पाटन थाना क्षेत्र में रविवार शाम तर्रा से जामगांव एम के बीच हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। आमने-सामने हुई तेज रफ्तार टक्कर से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

थाना प्रभारी राजेश मिश्रा के अनुसार, रविवार शाम करीब 6 बजे तर्रा बाजार से बाइक सवार युवक जामगांव एम की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही स्कूटी से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों दोपहिया वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और सवार सड़क पर दूर जा गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद मौके पर भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में बोरसी निवासी 36 वर्षीय नवीन कुमार की सिर में गंभीर चोट लगने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। दुर्घटना में जामगांव एम निवासी 63 वर्षीय मुरलीधर दीवान गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए उन्हें रायपुर रेफर किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की वजह प्रतीत हो रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले में मर्ग कायम कर विस्तृत विवेचना की जा रही है।
बंछोर
०००

