जगदीश यादव
कोलकाता 23 फरवरी (आरएनएस)। वेस्ट बंगाल बस एण्ड मिनी बस ऑनर्स एसोसिएशन ने पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखकर 2026 के विधानसभा चुनावों से पहले बसों और मिनी बसों के किराए में वृद्धि और कर्मचारियों के लिए टिफिन भत्ते में बढ़ोतरी की मांग की है। 29 जनवरी 2026 को लिखे पत्र में एसोसिएशन ने कहा कि उसने पहले भी दरों में संशोधन की अपील की थी, लेकिन अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है। 2026 के चुनावों के लिए अपने प्रस्ताव में, एसोसिएशन ने बस किराए (ईंधन को छोड़कर) को 2,530 रुपये से बढ़ाकर 3,200 रुपये करने और मिनी बसों के लिए 2,090 रुपये से बढ़ाकर 2,800 रुपये करने की मांग की है। इसने प्रत्येक कर्मचारी के लिए टिफिन भत्ता 250 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये करने की भी मांग की है, जबकि रात्रि ठहराव शुल्क 300 रुपये प्रति रात पर ही बनाए रखा जाए। एसोसिएशन ने कहा कि बढ़ते परिचालन खर्चों के कारण यह संशोधन आवश्यक है। इसके अतिरिक्त, संगठन ने राज्य भर में सुचारू परिवहन सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए विधानसभा चुनाव कम से कम छह से आठ चरणों में कराने का अनुरोध किया है। संगठन ने पिछले वर्षों की तरह ही मुख्य निर्वाचन अधिकारी से व्यक्तिगत रूप से मिलकर इस मामले पर चर्चा करने और समाधान निकालने की इच्छा व्यक्त की है। बहरहाल उक्त मामले पर चुनाव की प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी थी लेकिन माना जा रहा है कि परिवहन में किराया की बढ़ोत्तरी बहुता अधिक नहीं होगी। बस संचालकों ने चेतावनी दी है कि वे लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी सेवाएं देने के लिए तैयार हैं, लेकिन चुनाव आयोग को भी उनके आर्थिक हितों की रक्षा करनी होगी। अब गेंद चुनाव आयोग के पाले में है लेकिन देखना तो यह है कि वह उपरोक्त मांगों पर क्या रुख अपनाती है। कई बस मालिकों ने नाम की गोपनियता पर कहा कि, चुनावी ड्यूटी करना काफी तकलीफदेह और खतरे का काम होता है। कारण हमेशा हिंसा की सम्भावनाएं बनी रहती है। तमाम बस मालिकों ने अशंका के तहत कहा कि, अगर बसों का चुनावी ड्यूटी के लिए मार्च की शुरुआत से बड़े पैमाने पर अधिग्रहण जारी रहता है, इसका असर आम यात्रियों पर पड़ेगा और लोग परेशानी का सामना करेंगे। आम यात्रियों की मुश्किलें बढ़ेंगी। इसलिए सरकार और चुनाव आयोग एक साथ बैठकर तय करे कि, चुनावी ड्यूटी में जाने वाले वाहनों के कारण लोगों को परेशानी नहीं झेलना पड़े।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

