कोलकाता 23 फरवरी (आरएनएस)। पश्चिम बंगाल में पैरा-शिक्षकों के संयुक्त मंच के करीब दो सौ सदस्यों ने सोमवार को राज्य शिक्षा विभाग मुख्यालय के बाहर वेतन वृद्धि की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। ‘संग्रामी जौथ मंचÓ (संग्रामी संयुक्त मंच) के बैनर तले प्रदर्शन कर रहे पैरा-शिक्षकों को पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए देखा गया। इसके बाद प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठ गए और राज्य के शिक्षा मंत्री ब्रात्य बसु से मुलाकात की मांग करने लगे। प्रदर्शनकारियों की ओर से सेनजुति सान्याल ने कहा कि पैरा-शिक्षकों को फिलहाल नौ हजार से दस हजार रुपये प्रति माह के बीच वेतन मिलता है, जो बहुत कम है। हमारी मांग है कि इसे बढ़ाकर 15 हजार से 20 हजार रुपये किया जाए। राज्य के वोट-ऑन-अकाउंट में घोषित एक हजार रुपये की वृद्धि बेहद मामूली है। उन्होंने बताया कि मंच की ओर से भविष्य निधि (प्रोविडेंट फंड) और ग्रेच्युटी जैसी सुविधाएं देने तथा राज्य सरकार के शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों की तरह चुनावी ड्यूटी से राहत देने की भी मांग की गई है। राज्य में 67 हजार से अधिक प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 50 हजार से ज्यादा पैरा-शिक्षक कार्यरत हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह भी पैरा-शिक्षकों के इसी मंच ने राज्य शिक्षा विभाग मुख्यालय विकास भवन के सामने कई घंटों तक प्रदर्शन किया था और अपनी मांगों को लेकर सरकार से बातचीत की मांग दोहराई थी।

