ऋषिकेश 23 फरवरी (आरएनएस)। भट्टोवाला एवं गुमानीवाला ग्राम सभाओं में वन भूमि पर रहने वाले लोगों ने ऋषिकेश विधायक से मुलाकात की। उन्होंने विधायक से इन क्षेत्रों को राजस्व ग्राम घोषित करवाने की मांग की। सोमवार को भट्टोवाला एवं गुमानीवाला ग्रामसभा का एक प्रतिनिधिमंडल बैराज कैंप कार्यालय में पूर्व कैबिनेट मंत्री व वर्तमान विधायक प्रेमचंद अग्रवाल से मिला और ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि भट्टोवाला एवं गुमानीवाला ग्रामसभा के कुछ वार्डों में पिछले लगभग 70-75 वर्षों से कई लोग वन विभाग की भूमि पर निवास कर रहे हैं। इन क्षेत्रों में लंबे समय से निवास करने के बावजूद अब तक उन्हें राजस्व ग्राम में शामिल नहीं किया गया है, उन्होंने कहा कि इन वार्डों को राजस्व ग्राम में शामिल किया जाए। विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने मामले को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से सुना और क्षेत्र से जुड़ी विस्तृत जानकारी भी ली। कहा कि इस विषय को संबंधित विभागों एवं शासन स्तर पर प्रमुखता से उठाकर सकारात्मक समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। मौके पर सत्यपाल सिंह राणा, दीपा राणा, गजेंद्र सिंह राणा, संजय पोखरियाल, दिनेश रावत, हरपाल राणा, गणेश राणा, अनिल बडोनी, जोतपाल सिंह राणा, जीतराम ममगाई, गोविंद सिंह मेहर आदि उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

