देहरादून,24 फरवरी (आरएनएस)। 21 व 22 फरवरी को चंडीगढ़ में आयोजित 13 वीं इंडियन ओपन रेस वॉकिंग प्रतियोगिता में उत्तराखंड के एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण पदक सहित कुल पांच पदक अपने नाम किए। खिलाडिय़ों की इस उपलब्धि से प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है। टीम के कोच ओलंपियन मनीष रावत ने बताया कि खिलाडिय़ों ने कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच बेहतरीन टाइमिंग के साथ पदक हासिल किए। महिला फुल मैराथन रेस वॉक स्पर्धा में पायल ने 3 घंटा 39 मिनट 57 सेकंड का समय निकालते हुए कांस्य पदक प्राप्त किया। हाफ मैराथन रेस वॉक में मानसी नेगी ने 1 घंटा 42 मिनट 58 सेकंड का समय दर्ज कर कांस्य पदक हासिल किया। अंडर-20 बालक वर्ग की 5 किलोमीटर रेस वॉक स्पर्धा में उत्तराखंड के खिलाडिय़ों का दबदबा देखने को मिला। तुषार पंवार ने 19 मिनट 29 सेकंड का समय निकालते हुए नया नेशनल रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण पदक जीता। इसी स्पर्धा में हिमांशु पंवार ने 20 मिनट 8 सेकंड के साथ रजत पदक अपने नाम किया। अंडर-20 बालिका वर्ग की 5 किलोमीटर रेस वॉक में कुमारी सिमरन गोसाई ने 23 मिनट 58 सेकंड का समय निकालते हुए कांस्य पदक हासिल किया। उत्तराखंड एथलेटिक्स संघ के सचिव केजेएस कलसी ने विजेता खिलाडिय़ों और उनके प्रशिक्षकों को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता प्रदेश में एथलेटिक्स के बढ़ते स्तर का प्रमाण है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

