कोलकाता 24 फरवरी (आरएनएस)। बंगाल में चुनावी तारीखों के ऐलान से पहले ही राजनीति का अखाड़ा जम गया है। वहीं इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) और लेफ्ट फ्रंट के बीच गठबंधन का औपराचिक ऐलान आज (बुधवार) हो सकता है। यह बात आईएसएफ चेयरमैन और भांगड़ के एमएलए नौशाद सिद्दीकी ने आज (मंगलवार) को अलीमुद्दीन स्ट्रीट में वाममोर्चा के चेयरमैन बिमान बसु के साथ मीटिंग के बाद कही। वह दोपहर को राज्य मकापा मुख्यालय मुजफ्फर अहमद भवन गए थे। वहां दोनों नेताओं ने अगले विधानसभा चुनाव के लिए लेफ्ट फ्रंट और आईएसएफ के बीच सीट शेयरिंग के मुद्दे पर डेढ़ घंटे से ज़्यादा समय तक बातचीत की। मीटिंग के बाद नौशाद ने कहा कि बुधवार को लेफ्ट फ्रंट चेयरमैन के साथ एक और मीटिंग होगी और उसी दिन दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन का अधिकारिक ऐलान होगा।
भांगड़ के विधायक ने कहा, हम गठबंधन पर फैसला करने के लिए मीटिंग में बैठे थे। हालांकि, आखिरी फैसला बुधवार होगा। जिलेवार और लोकसभावार चर्चा चल रही है। कौन किस लोकसभा सीट से खड़ा होगा? हम कैसे मोबिलाइज कर सकते हैं? इन सभी मुद्दों पर चर्चा हुई है।” उन्होंने यह भी कहा, वामो की तरफ से उनके चेयरमैन बिमान बसु हमसे इस बारे में बात कर रहे हैं। उन्होंने मुझे बुधवार को फिर से मीटिंग में आने के लिए कहा है। सीटों से जुड़ी हर बात उस दिन तय हो जाएगी।
वैसे कई सीटों पर गठबंधन पर सहमति बन चुकी है, लेकिन कई सीटों पर खींचतान जारी है। आईएसएफ चेयरमैन ने उक्त बात को स्वीकारा भी है। उन्होंने कहा, हम कई सीटों पर अड़े हुए हैं, और कुछ सीटें ऐसी हैं जहां लेफ्ट भी अड़ा हुआ है। हमने उनसे कहा है कि हम कुछ सीटों पर किसी भी तरह से समझौता नहीं कर पाएंगे। उदाहरण के लिए, 2021 के विधानसभा चुनाव में, जैसे आईएसएफ ने उत्तर 24 परगना जिले की देगंगा सीट पर उम्मीदवार उतारा था, वैसे ही लेफ्ट फ्रंट के पार्टनर फॉरवर्ड ब्लॉक ने भी उम्मीदवार उतारा था। नौशाद ने दावा किया कि इस बार ऐसी घटना नहीं दोहराई जाएगी। दूसरी ओर, फुरफुरा शरीफ के इस पीरजादा ने इस गठबंधन में लेफ्ट फ्रंट और आईएसएफ के अलावा कुछ और राजनीतिक और सामाजिक ताकतों को शामिल करने का संकेत दिया है। बहरहाल जो भी 2021 के चुनाव में आईएसएफ ने लेफ्ट फ्रंट और कांग्रेस के साथ मिलकर यूनाइटेड फ्रंट के नाम से चुनाव लड़ा था। उस लड़ाई में नौशाद को ही एकमात्र जीत मिली थी। लेकिन इस बार कांग्रेस ने अकेले लडऩे का ऐलान किया है। इसलिए लेफ्ट फ्रंट और आईएसएफ जल्दी से सीटों पर समझौता करके एक साथ चुनावी मैदान में उतरने की कोशिश कर रहे हैं। आईएसएफ सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने लेफ्ट फ्रंट चेयरमैन के पास 50 सीटों पर लडऩे के लिए अप्लाई किया है। ऐसे में वे कितनी सीटों पर लड़ेंगे, यह बुधवार को पता चल सकता है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

