लखनऊ 25 फरवरी (आरएनएस )। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के मध्य जोन के अंतर्गत आशियाना थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने ही पिता की लाइसेंसी रायफल से गोली मारकर हत्या की और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव के टुकड़े कर अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया। पुलिस को गुमराह करने के लिए उसने स्वयं ही अपने पिता की गुमशुदगी की झूठी रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 फरवरी 2026 को अक्षत प्रताप सिंह पुत्र स्वर्गीय मानवेन्द्र सिंह, निवासी सेक्टर-एल, मकान संख्या-91, एलडीए कॉलोनी, आशियाना, लखनऊ ने थाना आशियाना पर अपने पिता के गुमशुदा होने की तहरीर दी, जिस पर गुमशुदगी संख्या 06/2026 पंजीकृत की गई। गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान सूचनाकर्ता के बयान संदिग्ध प्रतीत हुए। जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो वह टूट गया और अपने ही पिता की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।पूछताछ में सामने आया कि नीट की प्रतियोगी परीक्षा को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के चलते 20 फरवरी 2026 को शाम लगभग 4:30 बजे आरोपी ने अपने पिता को उनकी ही लाइसेंसी .315 बोर रायफल से गोली मार दी। हत्या के बाद आरोपी ने अपराध छिपाने के उद्देश्य से चाकू और आरी की मदद से शव के हाथ-पैर काट दिए। कटे हुए अंगों को पॉलिथीन में लपेटकर नादरगंज क्षेत्र में नहर किनारे झाडिय़ों में फेंक दिया गया, जबकि धड़ को घर के भीतर नीले प्लास्टिक ड्रम में छिपाकर रखा गया। पुलिस को भ्रमित करने के लिए उसने गुमशुदगी की झूठी सूचना दर्ज कराई।मामले का खुलासा होने पर थाना आशियाना में मु0अ0सं0 51/2026 धारा 103(1), 238, 217 बीएनएस तथा आम्र्स एक्ट की धारा 4/9/25/27 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। विवेचना प्रभारी निरीक्षक आशियाना को सौंपी गई। पुलिस उपायुक्त, मध्य के निर्देश पर गठित टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसकी निशानदेही पर घर में रखे नीले ड्रम से शेष शव बरामद किया। नादरगंज के पास नहर किनारे झाडिय़ों से कटे हुए हाथ-पैर बरामद किए गए। ट्रांसपोर्ट नगर रेलवे ट्रैक के पास कूड़े में फेंके गए दो चाकू और दो आरी बरामद हुए। अनौरा जंगल, सरोजनीनगर क्षेत्र से जली हुई वूलेन चादर और राख भी बरामद की गई। हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी .315 बोर रायफल, कारतूस, खोखा कारतूस तथा अन्य साक्ष्य भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिए।अभियुक्त अक्षत प्रताप सिंह, उम्र 21 वर्ष, को 24 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पारिवारिक विवाद के चलते इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया और साक्ष्य मिटाने के लिए सुनियोजित तरीके से शव के टुकड़े कर विभिन्न स्थानों पर फेंक दिए।इस पूरे प्रकरण के खुलासे में थाना आशियाना की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना आगे भी जारी रहेगी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

