उन्नाव/कानपुर 25 फरवरी (आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को उन्नाव और कानपुर दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत में भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने शंकराचार्य जी का अपमान किया और उन्हें अध्यात्म की त्रिवेणी गंगा में स्नान नहीं करने दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा शंकराचार्य जी के रथ को धक्का देकर बाहर किया गया तथा उनके साथ चल रहे बटुकों के साथ दुव्र्यवहार किया गया। इतना ही नहीं, शंकराचार्य जी पर झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया, जबकि मुकदमा कराने वाले व्यक्ति के भाजपा नेताओं से संबंध बताए जा रहे हैं।अखिलेश यादव ने कहा कि शंकराचार्य जी देश के लिए पूजनीय हैं और उनके सम्मान की रक्षा के लिए सभी को आगे आना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के खिलाफ बोलने वालों की आवाज दबाने के लिए अधिकारियों के माध्यम से झूठे मुकदमे दर्ज कराए जाते हैं और राजनीतिक विरोध को दमन के जरिए दबाने की कोशिश की जाती है।कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ उनका गठबंधन ‘इंडिया गठबंधनÓ के रूप में कायम है और आगे भी रहेगा। उन्होंने कहा कि पीडीए के लोग मिलकर सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए कार्य करेंगे और उनकी सरकार बनने पर सामाजिक न्याय के राज की स्थापना का संकल्प लिया जाएगा।स्लाटर हाउस के मुद्दे पर उन्होंने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि हरियाणा के नूंह जिले में सबसे अधिक स्लाटर हाउस खुले हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार को चुनौती दी कि यदि मंत्री अपने कार्यालय से ही प्रदेश के सभी स्लाटर हाउस बंद करा दें तो जो लोग विदेश दौरे पर गए हैं वे तत्काल वापस आ जाएं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने गायों के दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा दिया था और कन्नौज में पहला काउ मिल्क प्लांट स्थापित कराया था, जिसे वर्तमान सरकार ने बंद करा दिया। गौ सेवा के बजट में भ्रष्टाचार के आरोप भी उन्होंने लगाए।अखिलेश यादव ने कहा कि यदि भाजपा सरकार में शामिल ओबीसी, एससी-एसटी वर्ग के मंत्रियों को भेदभाव महसूस हो रहा है तो उन्हें सरकार छोड़ देनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि जिन पर पहले मुकदमे थे, वे वापस ले लिए गए और अब वही लोग दूसरों को उपद्रवी बता रहे हैं। विदेश यात्राओं को लेकर भी उन्होंने तंज कसा।वोटर लिस्ट के मुद्दे पर उन्होंने पंचायती राज विभाग और चुनाव आयोग की मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कई जिलों में लाखों मतदाताओं को नोटिस भेजे जा रहे हैं और लोगों को यह बताया जा रहा है कि एक सूची में नाम है, दूसरी में नहीं। उनके अनुसार पहले मुसलमानों से कागज मांगे जाते थे, अब हिंदू समुदाय के लोगों को भी बड़े पैमाने पर दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने नोटिस देकर अनेक मतदाताओं के नाम काट दिए हैं।बसपा विधायक उमा शंकर सिंह के यहां आयकर छापे को लेकर उन्होंने कहा कि किसी कारोबारी के यहां छापा पडऩा अलग विषय है, लेकिन भाजपा किसी की सगी नहीं है और जो उसे खुश कर देता है, उसी पर कार्रवाई नहीं होती।अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने सेना, किसानों और धार्मिक संतों का अपमान किया है। कानपुर की एक घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि बुलडोजर कार्रवाई में मां-बेटी की मौत हुई। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि उनकी सरकार बनती है तो कानपुर के औद्योगिक विकास को गति दी जाएगी, गंगा की सफाई कराई जाएगी, बिजली सस्ती की जाएगी, उद्योगों को सहयोग मिलेगा और रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएंगे, ताकि कानपुर को एक बार फिर विकसित और सुन्दर बनाया जा सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

