सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों ने दुकानों पर लगाए सपा के झंडे, भाजपा नेताओं से नोंक-झोंक
मेरठ 25 फरवरी (आरएनएस )। शास्त्रीनगर के सेंट्रल मार्केट के व्यापारी एक तरफ मायूस हैं तो दूसरी तरफ व्यापारियों के प्रतिष्ठान बचाए जाने को लेकर गहमागहमी का माहौल है। इसी बीच बुधवार को शास्त्रीनगर के स्थानीय भाजपा नेताओं में उस समय खलबली मच गई, जब सेंट्रल मार्केट सेक्टर दो के कई व्यापारियों ने अपनी दुकानों के बाहर सपा के झंडा लगा दिए। मौके पर पहुंचे भाजपा नेताओं की व्यापारियों के साथ तीखी नोंक-झोंक हुई। भाजपा नेताओं ने किसी तरह व्यापारियों को समझाते हुए उनके प्रतिष्ठानों से सपा के झंडे उतरवाए।
दरअसल, आवास विकास परिषद द्वारा सेंट्रल मार्केट के 700 से अधिक प्रतिष्ठानों पर प्रस्तावित ध्वस्तीकरण की कार्यवाही को लेकर व्यापारी लगातार विरोध कर रहे हैं। परिषद के अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और भाजपा नेताओं द्वारा समस्या का कोई समाधान ना निकाले जाने पर आक्रोशित सेंट्रल मार्केट के दर्जन भर व्यापारियों ने बुधवार को अपनी दुकानों के बाहर समाजवादी पार्टी के झंडे लगा दिए।
मामले की जानकारी मिलते ही भाजपा नेताओं में खलबली मच गई। स्थानीय पार्षद संजीव पुंडीर, भाजपा पार्षद वीरेंद्र शर्मा उर्फ बिल्लू, अमरजीत शर्मा सहित कई स्थानीय भाजपा नेता और कार्यकर्ता व्यापारियों के बीच पहुंचे और उनसे झंडे उतारने के लिए कहा। मगर, व्यापारी झंडे न उतारे जाने की बात पर अड़ गए।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि कई वर्षों से भाजपा को वोट देने के बावजूद भाजपा की सरकार में ही उनके व्यापार उजाड़े जा रहे हैं। व्यापारियों ने आगामी चुनाव में बीजेपी को वोट न देने का ऐलान कर दिया। काफी देर चली नोंक-झोंक के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने किसी तरह व्यापारियों को समझाया। इसके बाद उनकी दुकानों पर लगाए गए सपा के झंडे उतारे गए।
बता दें कि अभी कुछ दिनों पहले सपा विधायक अतुल प्रधान के बयान को लेकर क्षेत्रीय विधायक तथा प्रदेश सरकार में मंत्री डा सोमेंन्द्र तोमर ने भी बयान दिया था कि व्यापारियों के प्रतिष्ठान बचाने के लिए उनके स्तर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

