कुशीनगर, 25 फरवरी (आरएनएस)। मंडलायुक्त गोरखपुर व पुलिस उपमहानिरीक्षक गोरखपुर ने
आगामी होली, रमजान एवं ईद-उल-फितर त्यौहारों को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य हेतु जनपद में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
पुलिस लाइन में बुधवार को पहुंचे मण्डलायुक्त अनिल ढींगरा एवं पुलिस उप महा निरीक्षक एस चनप्पा ने जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर व पुलिस अधीक्षक केशव कुमार की उपस्थिति में समस्त अधिकारियों से आगामी होली, रमजान माह एवं ईद-उल-फितर त्यौहार को पूर्ण रूप से शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में मनाने के उद्देश्य से विस्तृत चर्चा की तथा एसपी कुशीनगर द्वारा प्रस्तुत की गई सुरक्षा योजनाओं का गहन समीक्षा की गयी। बैठक में अधिकारियों ने कहा कि जनपद में किसी भी प्रकार की सांप्रदायिक तनाव या अफवाह को तत्काल दबाने के लिए सख्ती से कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। सभी थाना क्षेत्रों में संवेदनशील मोहल्लों, मंदिरों, मस्जिदों, ईदगाहों एवं अन्य धार्मिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए। होली के रंग खेलने, रमजान की तरावीह, नमाज तथा ईद की नमाज के दौरान पर्याप्त पुलिस बल, पीएसी, क्यूआरटी टीम एवं होमगार्ड की तैनाती की जाए। संवेदनशील स्थानों पर स्थाई पिकेट एवं पेट्रोलिंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। त्योहारों के दौरान मुख्य मार्गों, बाजारों एवं धार्मिक स्थलों के आसपास पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था का सख्ती से पालन कराया जाए। अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने हेतु बैरिकेडिंग एवं डायवर्सन की पूर्व योजना तैयार की जाए। सीसीटीवी एवं आधुनिक निगरानी हेतु सभी थाना क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों का 24म7 मॉनिटरिंग सुनिश्चित किया जाए। ड्रोन के माध्यम से भीड़ भाड़ वाले स्थानों की निगरानी की जाए। असामाजिक तत्वों पर सख्त नजर हेतु जिला एवं थाना स्तर पर तैयार की गई संदिग्धों की सूची के आधार पर निरंतर चेकिंग एवं निगरानी रखी जाए। कोई भी व्यक्ति कानून-व्यवस्था भंग करने का प्रयास करे तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। लाउडस्पीकर एवं ध्वनि प्रदूषण पर रोकथाम हेतु सभी धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर का उपयोग निर्धारित समय एवं निर्धारित ध्वनि स्तर तक सीमित रखा जाए। उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई की जाए। अधिकारियों ने जनपदवासियों से अपील किया है कि वे त्यौहारों को भाईचारे के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा पुलिस को पूर्ण सहयोग प्रदान करें। कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत निकटतम पुलिस स्टेशन या कंट्रोल रूम (112) पर सूचना दें। बैठक में पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार द्वारा सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि त्यौहार पूर्ण रूप से सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हों। इसके लिए कोई भी कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि कुशीनगर पुलिस समस्त जनता की सुरक्षा एवं सौहार्द के लिए प्रतिबद्ध है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक कुशीनगर सहित समस्त उपजिलाधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी, समस्त थाना प्रभारी, निरीक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

