धानेपुर (गोण्डा) 25 फरवरी। धानेपुर थाना क्षेत्र में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार देर रात ग्राम पंचायत मेघवा के मजरा भोकहवा के पास दतौली–धानेपुर मार्ग पर गन्ने से लदे ट्रैक्टर–ट्राला और बोलेरो की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोग राहत कार्य में जुट गए।
घायलों की पहचान बोलेरो चालक आसाराम यादव (26) तथा लल्लू पुत्र महावीर (करीब 60 वर्ष), निवासी पटियाला ग्रांट, जनपद बलरामपुर के रूप में हुई है। दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुजेहना पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। वर्तमान में दोनों का इलाज उतरौला के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। बताया जा रहा है कि सभी लोग एक शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी भोकहवा के पास यह हादसा हो गया। ग्राम प्रधान दुर्गा प्रसाद वर्मा ने घटना की पुष्टि की है।
इसी रात बगुलाही आनंद नगर रोड स्थित कोनिया बनकट के पास बाइक और कार की टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं बुधवार सुबह नगर पंचायत धानेपुर में भारतीय स्टेट बैंक के समीप बोलेरो पिकअप और ठेला में भिड़ंत हो गई, जिसमें ठेला चालक घायल हो गया। निजी चिकित्सक के यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला मुख्यालय भेजा गया। सूत्रों के अनुसार ठेला चालक और पिकअप चालक दोनों नगर पंचायत क्षेत्र के ही निवासी बताए जा रहे हैं।
लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से क्षेत्र में भय में का माहौल है। सूत्रों का कहना है कि तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और प्रभावी निगरानी के अभाव में हादसे बढ़ रहे हैं। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

