-मात्सियकी प्रक्षेत्र पर मछलियों को खिलाया दाना, रंगीन मछलियों के उत्पादन को किसानों के लिए बताया फायदेमंद
अयोध्या 25 फरवरी (आरएनएस)। प्रदेश के कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख बुधवार को आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय पहुंचे। मंत्री ने विश्वविद्यालय के विभिन्न प्रक्षेत्रों का भ्रमण कर विवि में चल रहे कृषि नवाचार, विकास कार्य एवं वैज्ञानिक प्रयोगों के माध्यम से किसानों की आय वृद्धि को लेकर चल रहे शोध कार्यों का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर उनके साथ विवि के कुलपति डा. बिजेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। राज्यमंत्री औलख सबसे पहले मात्सियकी प्रक्षेत्र पहुंचे जहां उन्होंने मत्स्य पालन, सघन मछली पालन यूनिट और मखाना की खेती के बारे में विस्तृत जानकारी ली और मछलियों को दाना खिलाया। उन्होंने रंगीन मछलियों के बीज उत्पादन को देखा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में रंगीन मछलियां किसानों की आय को बढ़ाने में वरदान साबित होंगी। कुलपति डॉ बिजेंद्र सिंह ने राज्यमंत्री को विभिन्न विकास कार्यों से अवगत कराया। जलवायु परिवर्तन को ध्यान में रखकर विवि में हो रही फसलों की बोआई को मंत्री ने बारिकी के साथ परखा। उन्होंने दलहनी फसलों अरहर, चना, मसूर, मटर, राजमा आदि का निरीक्षण किया और कहा कि चने पर लगने वाले कुष्ट रोग को दूर करने के लिए कार्य करने की जरूरत है। उन्होंने नरेंद्र अरहर-2 की जमकर सराहना की और कहा कि किसान इस प्रजाति का अधिक प्रयोग करें। किसानों की समृद्धि, आत्मनिर्भर कृषि और तकनीक आधारित खेती के संकल्प को साकार करने की दिशा में ऐसे प्रयास अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। मंत्री के भ्रमण के दौरान कृषि अधिष्ठाता डा. डी.के. सिंह, निदेशक प्रसार डा. रामबटुक सिंह, मात्सियकी अधिष्ठाता डा. सी.पी. सिंह, डा. आकाश गौरव सिंह, डा अरुण कुमार सहित अन्य वैज्ञानिक मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

