भोपाल 25 फरवरी (आरएनएस)। बीएचईएल स्पोट्र्स क्लब के नजदीक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या की साजिश मृतक की प्रेमिका ने अपने एक साथी के साथ मिलकर रची थी।
आरोपी महिला का कहना है कि युवक से उसके अनैतिक संबंध थे। वह उसके साथ मारपीट करता था और अभद्र व्यवहार करता था। इससे परेशान होकर उसने वारदात को अंजाम दिया।
25 फरवरी को एसीपी अदिति भावसार ने बताया कि 21 फरवरी को युवक का शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान ताराचंद पटेल पिता पुरुषोत्तम सिंह पटेल (46) निवासी फेज-1, शीतल टाउन, मंडीदीप के रूप में हुई।
परिजनों ने पूछताछ में बताया कि ताराचंद पटेल के जहांगीराबाद-बरखेड़ी निवासी रानी अहिरवार से पिछले डेढ़ साल से अवैध संबंध थे। रानी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने बताया कि ताराचंद 15 दिन में एक बार उसके घर आकर ठहरता था और समय-समय पर रुपए व घरेलू सामान देता था।
महिला के अनुसार, ताराचंद शराब के नशे में आए दिन गाली-गलौज करता था। उसके बीवी-बच्चे भी फोन पर उसे गालियां देते थे। वह उसकी बच्चियों के सामने ही शारीरिक संबंध बनाने की बातें करता था।
महिला ने बताया कि वह ताराचंद से काफी परेशान हो चुकी थी। इसी दौरान उसकी दोस्ती सिक्योरिटी गार्ड कृष्णपाल यादव से हो गई। उसने कृष्णपाल को अपनी परेशानी बताई। दोनों ने योजना बनाई कि वह ताराचंद को मिलने बुलाएगी और सुनसान जगह पर ले जाकर उसकी हत्या कर दी जाएगी। योजना के अनुसार ताराचंद को बुलाया गया और बीएचईएल स्पोट्र्स क्लब के पास झाडिय़ों में उसकी हत्या कर दी गई।

