भोपाल 25 फरवरी (आरएनएस)।मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के आठवें दिन लोक निर्माण विभाग के मंत्री राकेश सिंह ने तब कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे को नसीहत दे डाली, जब विधायक कटारे ने कांग्रेस विधायक नारायण सिंह पट्टा द्वारा विभाग की अनुदान मांग पर चर्चा के दौरान की गई मांगों पर मंत्री के जवाब पर टिप्पणी कर दी।
मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि कटारे जी आप कितनी बार की विधायक हो। मुझे नहीं मालूम। मैं लोकसभा में 8 साल तक व्हिप चीफ रहा हूं। सदन में आप जो भी टिप्पणी करते हैं, वह बहुत हल्की होती हैं। सदन में हास परिहास भी हो सकते हैं, लेकिन उसकी संवेदनशीलता बनी रहनी चाहिए। उन्होंने कटारे से यह भी कहा कि कई बार आपकी टिप्पणी हल्की होने से आपको लोग गंभीरता से नहीं लेते।
इस दौरान मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि हेमंत कटारे उप नेता प्रतिपक्ष का पद दो साल तक संभाल नहीं पाए और बड़ी बातें करते हैं। इस पर कटारे ने कहा कि यह उनकी पार्टी का अंदरूनी मामला है। यह विवाद तब सामने आया, जब कांग्रेस विधायकों के सदन में बोलने के बाद पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह ने उनके क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों की जानकारी तुरंत दे दी।
दरअसल, विधायक कटारे ने कहा था कि मंत्री यह सब जवाब अपने संबोधन के दौरान अंत में तब दे सकते हैं, जब वे अनुदान मांगों पर पर अपना जवाब देंगे, ज्यादा उत्साह आप विधायकों की चर्चा के तुरंत बाद जवाब दे रहे हैं।

