भोपाल 25 फरवरी (आरएनएस)।मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के आठवें दिन कांग्रेस विधायक विपिन जैन ने विधानसभा में पत्रकार सुरक्षा कानून का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को लगातार धमकियां मिल रही हैं और पत्रकारिता करना मुश्किल होता जा रहा है।
उन्होंने पूछा कि पत्रकार सुरक्षा कानून कब तक लागू किया जाएगा और वर्ष 2023 के बाद अब तक क्या कार्रवाई हुई है।
मुख्यमंत्री की ओर से जवाब देने के लिए अधिकृत मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीर है। इसके लिए अन्य राज्यों में लागू पत्रकार सुरक्षा कानूनों का अध्ययन किया जा रहा है।
मंत्री लोधी ने बताया कि इस विषय पर विशेषज्ञों से भी सुझाव लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरा अध्ययन और प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सरकार इस संबंध में अंतिम निर्णय लेगी।

