मेरठ 26 फरवरी (आरएनएस ) बुधवार को बहसूमा थाना क्षेत्र में दुस्साहसिक तरीके से भरे बाजार पत्नी पूनम के प्रेमी सुनील को गोलियों से भूनकर मौत के घाट उतारने वाले प्रदीप ने आखिरकार 24 घंटे बाद पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। फिल्मी स्टाइल में आरोपी द्वारा खुद को पुलिस को सौंपने की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
एसएसपी अविनाश पांडे ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रदीप ईख के एक खेत में छुपा हुआ है। जिसके बाद सीओ मवाना पंकज लवानिया ने कई थानों की फोर्स के साथ प्रदीप की घेराबंदी कर ली। खुद को गिरता देख प्रदीप ने पुलिस पर तमंचा तान दिया और पास आने पर खुद को ही गोली मारने की धमकी देने लगा। इस दौरान सीओ मवाना पंकज लवानिया ने प्रदीप को आश्वासन दिया कि वह सरेंडर कर दे, उसका कुछ नहीं बिगड़ेगा। मगर प्रदीप एसपी देहात को मौके पर बुलाने की बात पर अड़ गया।
प्रदीप का कहना था कि वह पिछले डेढ़ साल से इंसाफ के लिए पुलिस की चौखट पर चक्कर काटता रहा, मगर उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। ऐसे में वह पुलिस पर विश्वास नहीं कर सकता। सीओ और आसपास एकत्र हुए ग्रामीणों ने जैसे-तैसे प्रदीप को समझाया। इसके बाद उसे पानी पिलाया गया। जिसके बाद प्रदीप ने इत्मिनान से बीड़ी सुलगाई और एक-एक करके तीनों तमंचे और कारतूस जमीन पर रख दिए। इसके बाद खुद ही पुलिस की गाड़ी में बैठ गया। एसएसपी अविनाश पांडे ने प्रदीप की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। वहीं, सरेंडर का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

