एसआईआर में लापरवाही पर कई को मिली चेतावनी
प्रयागराज 26 फरवरी (आरएनएस )। प्रयागराज के विधानसभा क्षेत्र 254 फाफामऊ में एसआईआर कार्य की समीक्षा के दौरान लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की गई है। सहायक निर्वाचन अधिकारी (एआरओ) हीरालाल सैनी द्वारा की गई समीक्षा के बाद दो बीएलओ और एक सुपरवाइजर के मानदेय/वेतन पर रोक लगा दी गई है। इनमें बूथ नंबर 154 के बीएलओ सौरभ शेखर और बूथ नंबर 337 के बीएलओ अभिताभ मिश्र शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, एक शिक्षा मित्र के भुगतान पर भी रोक लगाई गई है।
एआरओ सैनी ने बताया कि कार्य में असंतोषजनक प्रदर्शन के कारण चार अन्य बीएलओ को अंतिम चेतावनी जारी की गई है। इनमें बूथ नंबर 34 की पदमा शुक्ला, बूथ नंबर 255 की शिवानी पटेल, बूथ नंबर 271 की रेखा सिंह और बूथ नंबर 341 की पूनम लता शामिल हैं।
पर्यवेक्षण कार्य में लापरवाही के आरोप में बूथ नंबर 1 से 10 तक के बीएलओ के सुपरवाइजर रामकुमार के वेतन आहरण पर भी रोक लगा दी गई है। एआरओ ने इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। यह कदम चुनावी कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने के उद्देश्य से उठाया गया है। एआरओ हीरालाल सैनी ने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आवश्यक सुधारात्मक उपाय किए जाएंगे।
यह कार्रवाई चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप की गई है, ताकि आगामी चुनावों में किसी भी प्रकार की कमी या अनियमितता न हो और सभी कार्य कुशलतापूर्वक संपन्न हों।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

