श्री अग्रसेन अग्रवाल समाज का ऐतिहासिक क्षण, शीघ्र प्रारम्भ होगा भव्य निर्माण कार्य
प्रयागराज 26 फरवरी (आरएनएस )। बहुप्रतीक्षित अग्रसेन भवन के लिए चिन्हित भूमि की रजिस्ट्री 25 फरवरी को विधिवत कराई गई। यह महत्वपूर्ण उपलब्धि सम्पूर्ण अग्रवाल समाज के लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है, क्योंकि इसी भूमि पर समाज की दीर्घकालिक आकांक्षाओं को साकार करते हुए एक भव्य, आधुनिक एवं बहुउद्देशीय अग्रसेन भवन का निर्माण किया जाएगा।
महाराजा अग्रसेन स्मृति न्यास, प्रयागराज के अध्यक्ष पियूष रंजन अग्रवाल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अग्रसेन भवन केवल एक भवन नहीं, बल्कि अग्रवाल समाज की एकता, सेवा भावना और सामाजिक समर्पण का जीवंत प्रतीक होगा। यह परियोजना आने वाली पीढिय़ों के लिए एक स्थायी धरोहर सिद्ध होगी। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित भवन का निर्माण व्यापक एवं आधुनिक सुविधाओं के साथ किया जाएगा। भवन परिसर में दो विशाल सभागार, लगभग 60 सुसज्जित कक्ष, पार्किंग क्षेत्र, भोजनालय, बहुउद्देशीय बैठक कक्ष, सुरक्षा व्यवस्था तथा सभी आधुनिक जन-सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।
भूमि रजिस्ट्री के इस अवसर पर न्यास के महामंत्री मनोज अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरिश्चंद्र अग्रवाल (बिल्लू भैया), कोषाध्यक्ष प्रमेय मित्तल, आदेश गोयल, विपुल कुमार मित्तल, अभिषेक मित्तल, मुकेश अग्रवाल, आयुष अग्रवाल, अनूप अग्रवाल, अभिनव अग्रवाल सहित समाज के अनेक वरिष्ठ सदस्यों ने उपस्थित होकर निर्माण कार्य की दिशा में हो रहे प्रयासों का स्वागत किया।
इस संबंध में शीघ्र ही ट्रस्ट के सभी ट्रस्टियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें भवन निर्माण की प्रगति, कार्ययोजना, तकनीकी पहलुओं, समय-सीमा तथा समाज के सहयोग से संबंधित विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
मीडिया प्रभारी मनीष गर्ग ने कहा कि अग्रसेन भवन का निर्माण प्रयागराज में अग्रवाल समाज की संगठित शक्ति और सामाजिक प्रतिबद्धता का प्रतीक बनेगा। यह परिसर सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक एवं सेवा गतिविधियों के लिए एक केंद्रीय मंच के रूप में विकसित होगा तथा समाज को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करेगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

