-अपनी जनता पार्टी के पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
अयोध्या 26 फरवरी (आरएनएस)। उच्च शिक्षण संस्थानों में समानता, सुरक्षा और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग को लेकर अपनी जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। पार्टी पदाधिकारियों नेविश्वविद्यालय अनुदान आयोग के तहत प्रस्तावित यूजीसी एक्ट 2026 को प्रभावी रूप से लागू करने की मांग करते हुए कहा कि इससे संस्थानों में भेदभाव, हिंसा और उत्पीडऩ की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकेगा। प्रदेश महासचिव उदय कुमार गौतम ने बताया कि ज्ञापन में सरकारी व विभिन्न संस्थागत रिपोर्टों का हवाला देते हुए उच्च शिक्षण संस्थानों में छात्रों की आत्महत्या की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताई गई है। पार्टी का दावा है कि एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यक वर्ग के छात्र इससे अधिक प्रभावित हो रहे हैं, इसलिए समान अवसर, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। ज्ञापन में भारतीय संविधान के अनुच्छेद 14, 15, 16, 17, 18, 21 और 21-ए का उल्लेख करते हुए शिक्षा संस्थानों में गरिमा, समानता और न्याय की संवैधानिक गारंटी लागू करने की मांग की गई। जिला प्रशासन के प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपते हुए पार्टी पदाधिकारियों ने इसे शीघ्र राष्ट्रपति कार्यालय तक प्रेषित करने की अपील की। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

