चेन्नई,27 फरवरी। टी-20 विश्व कप 2026 के 48वें मैच में भारतीय क्रिकेट टीम के अभिषेक शर्मा ने जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ 55 रन की बेहतरीन पारी खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 9वां अर्धशतक साबित हुआ। अभिषेक पिछले कुछ समय से बेहद फॉर्म में चल रहे थे। यह टी-20 विश्व कप में उनके बल्ले से निकलने वाली पहली अर्धशतकीय पारी रही। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
अभिषेक ने पारी का तीसरा ओवर करने आए टिनोटेंडा मापोसा की जमकर खबर ली। भारतीय सलामी बल्लेबाज ने उस ओवर में 2 चौके और एक छक्का लगाया। उन्होंने क्रीज पर टिकने के बाद तेज गति से बल्लेबाजी की और 26 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने संजू सैमसन (24) के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 48 रन और ईशान किशन (38) के साथ दूसरे विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी की।
अभिषेक ने टी-20 विश्व कप 2026 में अपना पहला अर्धशतक लगाया। उन्होंने इस टूर्नामेंट में अब तक 5 पारियों में 140.00 की स्ट्राइक रेट से कुल 70 रन बनाए हैं। उनके स्कोर क्रमश: 55, 15, 0, 0 और 0 रन रहे हैं।
अभिषेक ने अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2024 में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। इस खिलाड़ी ने अब तक 43 मुकाबले खेले हैं और इसकी 42 पारियों में लगभग 35 की औसत और 191 की स्ट्राइक रेट से 1,350 से अधिक रन बनाने में सफल रहे हैं। इस सलामी बल्लेबाज के बल्ले से 9 अर्धशतक के अलावा 2 शतक भी निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 135 रन रहा है।
००

