मेरठ,11 जुलाई (आरएनएस )। मेरठ में छात्रा हत्याकांड को लेकर जारी सियासी गतिविधियों के बीच शनिवार को पूर्व विधायक संगीत सोम पीडि़त परिवार से मिले। उन्होंने परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा देते हुए कहा कि बेटी को हर हाल में न्याय मिलेगा। वकील की फीस के लिए आर्थिक सहायता देने का भी एलान किया।
पीडि़त परिवार से मुलाकात के दौरान संगीत सोम ने कहा कि मृतक छात्रा पूरे समाज की बेटी थी और उसके साथ जो हुआ, वह बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि बेटी के साथ गलत हुआ है, इसलिए उसे न्याय मिलना ही चाहिए। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि पूरी प्रदेश सरकार उनके साथ खड़ी है और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए हर संभव कार्रवाई की जाएगी। उनका कहना था कि सरकार आरोपियों को फांसी तक पहुंचाने के लिए विधिक प्रक्रिया के तहत पूरी मजबूती से पैरवी करेगी।
संगीत सोम ने कहा कि पीडि़त परिवार को मजबूत कानूनी लड़ाई लडऩे में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए उन्होंने अपनी ओर से वकील की फीस के लिए आर्थिक सहायता देने की घोषणा की, ताकि परिवार सक्षम अधिवक्ता के माध्यम से मुकदमे की पैरवी कर सके। उन्होंने यह भी कहा कि यदि मामले में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
राजनीति से बचने की अपील
पूर्व विधायक ने परिवार से मामले का राजनीतिकरण नहीं होने देने की अपील की। उन्होंने समाजवादी पार्टी और उसके नेताओं पर इस घटना को राजनीतिक मुद्दा बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वह पहले भी कई पीडि़त परिवारों से मिलते रहे हैं और किसी भी पीडि़त के साथ खड़े रहना अपना दायित्व मानते हैं। उन्होंने लोगों से पुलिस और जांच प्रक्रिया पर भरोसा रखने की अपील करते हुए कहा कि अपराधी की पहचान उसके अपराध से होती है, उसकी जाति या धर्म से नहीं। संगीत सोम ने कहा कि दलित समाज को बांटने की राजनीति नहीं होनी चाहिए। दलित समाज देश और सनातन की मजबूत नींव है। उन्होंने दोहराया कि छात्रा को न्याय दिलाना सरकार और समाज, दोनों की समान जिम्मेदारी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

