कोलकाता 27 फरवरी (आरएनएस)। मतदाता सूची में जिनका नाम दो बार दर्ज है या मृत्यु हो चुकी है, ऐसे लोगों के नाम तो वोटर लिस्ट से हटाए जाएंगे। लेकिन यह गलत आरोप है कि चुनाव आयोग एसआईआर के बहाने वैध मतदाताओं का नाम काट रही है। उक्त बात आज केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर ने कही। उन्होंने पटना में मर्चेंटाइल मरीन डिपार्टमेंट (एमएमडी) कार्यालय और एक सीफेरर्स आउटरीच सेंटर का शुभारंभ कोलकाता से वर्चुअल माध्यम से किया। इस अवसर पर कोलकाता स्थित नाविक गृह समिति और मरीन क्लब के पुनर्निर्माण कार्य की भी शुरुआत की गई। साथ ही कोलकाता में ‘सीफेरर्स रिक्रूटमेंट एंड वेलफेयरÓ विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें मंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में मंत्रालय के सचिव, डायरेक्टर जनरल ऑफ शिपिंग, अतिरिक्त डायरेक्टर जनरल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में सत्ताधारी दल में एसआईआर को लेकर एक स्पष्ट भय पैदा हो गया है। वे इससे इतने ग्रस्त हैं कि जागते या सोते समय भी उन्हें इसमें कुछ न कुछ नकारात्मक ही दिखाई दे रहा है। इसी वजह से वे एसआईआर के बारे में भयभीत होकर बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चाहे सीएम हों, सांसद हो या फिर विधायक हों, सब डरे हुए हैं। भाजपा नेता दिलीप घोष ने एसआईआर विवाद को लेकर कहा कि पूरे देश में एसआईआर हो गया, लेकिन बंगाल में सरकार यह होने नहीं दे रही। उन्होंने कहा कि कोर्ट भी इनकी मंशा को जान गया है। चुनाव आयोग भी देख रहा है। इसलिए समय पर लिस्ट की घोषणा करना बड़ा चैलेंज है,। दिलीप घोष ने कहा कि यहां एक परिवर्तन यात्रा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें हमारे सभी वरिष्ठ नेता हिस्सा लेंगे। उहोंने बताया कि अमित शाह, राजनाथ सिंह और राष्ट्रीय अध्यक्ष ऐसे बड़े नेता उसका उद्घाटन करेंगे। छह-सात दिन की ये जो यात्रा चलेगी, सभी लोग जनसभा में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि बंगाल को अस्त-व्यस्त करने की योजना चल रही है। कहीं बच्चों को उठाकर ले गए, सब जगह बम का डर दिखाया जा रहा है। लोगों को डरा कर चुनाव कराने की साजिश चल रही है। राज्य सरकार की जिम्मेदारी है कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर ने गंगा नदी के नीचे सुरंग निर्माण के प्रस्ताव पर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि श्यामाप्रसाद मुखर्जी पोर्ट प्राधिकरण के अध्यक्ष ने इस संबंध में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को प्रस्ताव सौंपा है। योजना के तहत कोलकाता से सांकराइल तक लगभग 15 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी, जिसमें करीब सात किलोमीटर हिस्सा सुरंग के रूप में विकसित किया जाएगा। हालांकि, परियोजना को अभी केंद्र सरकार की अंतिम मंजूरी नहीं मिली है। हुगली जिले के बलागढ़ में जेटी निर्माण परियोजना पर मंत्री ने कहा कि वहां कार्य तेजी से जारी है। सड़क निर्माण और पर्यावरण संबंधी मंजूरियां मिल चुकी हैं और फिलहाल पोर्ट प्राधिकरण की भूमि पर काम चल रहा है
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

